दिल्ली : मदरसा विद्यार्थियों पर हमले के आरोप में 5 गिरफ्तार

नई दिल्ली, 30 मार्च (आईएएनएस)। पिछले सप्ताह एक मदरसे के तीन विद्यार्थियों पर हमला करने वाले पांच युवकों को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने ‘जय माता’ कहने से इंकार करने पर विद्यार्थियों पर हमला किया था।

पुलिस उपायुक्त विक्रमजीत सिंह ने आईएएनएस को बताया, “दक्षिणी दिल्ली के निवासी आशु, कर्मवीर, सचिन और आदित्य को उनके घरों से गिरफ्तार कर लिया गया है। सभी की उम्र लगभग 20 साल है।”

अधिकारी ने बताया कि मदरसा छात्रों -दिलकश (18) और उनके दो सहपाठियों अजमल और नईम- ने आरोप लगाया है कि 26 मार्च को उन पर एक पार्क में हमला किया गया था, जब उन्होंने ‘जय माता की’ कहने से इंकार कर दिया था।

हमले में दिलकश की बांह टूट गई है। उसने पुलिस को बताया कि जिस वक्त उन पर हमला किया गया, उस समय वह और उसके दोस्त पार्क में घूम रहे थे।

विक्रमजीत सिंह ने बताया कि पीड़ित बिहार के पूर्णिया जिले के रहने वाले हैं और वे पिछले साल पढ़ाई के लिए बेगमपुर के फैज-उल-उलूम घॉसिया मदरसे में आए थे।

हमले के कुछ मिनट बाद तीनों फरार हो गए थे, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया था।

अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि गिरफ्तार युवकों पर गंभीर चोट पहुंचाने और गलत तरीके से दबाव बनाने का आरोप लगाया गया है। उन्होंने बताया कि पीड़ित आरोपियों को जानते हैं।

अधिकारी ने कहा, “गिरफ्तार युवकों ने पीड़ितों द्वारा लगाए गए सभी आरोपों से इंकार किया है। उन्होंने कहा है कि वे पार्क में क्रिकेट खेल रहे थे, जब मदरसे के एक छात्र को उनकी गेंद लग गई। उसने असभ्य भाषा का इस्तेमाल किया, जिसके कारण उनके बीच हाथापाई हो गई।”

सिंह ने कहा, “आरोपियों ने स्वीकार किया है कि उन्होंने मदरसा के छात्रों के साथ मार पीट की थी और उनमें से एक को बैट से पीटा था। लेकिन उन्होंने इस बात से इंकार किया है कि उन्होंने उन्हें ‘जय माता की’ कहने के लिए विवश किया था।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493