नई दिल्ली, 9 मार्च (आईएएनएस)। दक्षिणी दिल्ली की अमर कॉलोनी के कुछ लोगों ने असम के एक 21 वर्षीय छात्र को चोर समझ कर उसकी जमकर पिटाई कर दी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, छात्र की पहचान अरबाजुद्दीन अहमद के तौर पर हुई है। वह गलती से किसी और के घर को अपना घर समझ कर उसका ताला तोड़ रहा था।
पुलिस ने बताया कि अहमद असम के गुवाहाटी का रहने वाला है, जो पिछले दो सालों से दिल्ली में रह रहा था। पिटाई के कारण युवक के हाथ-पैर की हड्डी टूट गई है और उसका जबड़ा भी चोटिल हो गया है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, “दुर्घटना पांच मार्च को हुई जब अहमद घर लौटकर एक घर का ताला खोलने की कोशिश कर रहा था, जो कि उसका नहीं था। जब चाभी से ताला नहीं खुला, तो उसने अंदर जाने के लिए ताला तोड़ने की कोशिश की।”
उन्होंने बताया, “इस बीच शोर सुनकर मकान मालिक और पड़ोसी जाग गए और अहमद को चोर समझकर उसे पीटने लगे।”
आधीरात को लगभग 1.30 बजे स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया कि उन्होंने चोर पकड़ा है, जिसके बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और अहमद को अस्पताल ले गई।
पुलिस ने बताया, “उसके घर का पता भी उसी जगह का पाया गया। दोनों घर पहले तल पर हैं, नशे की हालत में शायद अहमद गलती से गलत घर में चला गया था।”
dharmpath.com dharmpath