दिल्ली में एफटीआईआई जैसे संस्थान की योजना : केजरीवाल (लीड-1)

नई दिल्ली, 19 अगस्त (आईएएनएस)। पुणे स्थित भारतीय फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (एफटीआईआई) के छात्रों को दिल्ली आकर अस्थाई तौर पर पढ़ाई करने का न्यौता देने के बाद यहां के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को कहा कि उनकी सरकार की योजना राष्ट्रीय राजधानी में भी एफटीआईआई की तर्ज पर स्वायत्त फिल्म संस्थान की स्थापना की है।

केजरीवाल ने ट्विटर पर एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि उनकी सरकार दिल्ली में एक स्वायत्त फिल्म संस्थान की स्थापना की योजना बना रही है।

इससे पहले केजरीवाल ने महाराष्ट्र पुलिस द्वारा एफटीआईआई के प्रदर्शनकारी छात्रों की मंगलवार आधी रात को दंगा करने के आरोप में गिरफ्तारी पर हैरानी जताई।

केजरीवाल ने ट्विटर पर लिखा, “एफटीआईआई में जो हो रहा है, मैं उसे सुनकर हैरत में हूं। एक अंतर्राष्ट्रीय स्तर का संस्थान सरकार के गलत निर्णयों के कारण सुनियोजित तरीके से बर्बाद हो रहा है।”

मुख्यमंत्री ने कहा, “मैं एफटीआईआई के विद्यार्थियों को दिल्ली में अस्थाई तौर पर पढ़ाई करने का प्रस्ताव देता हूं। दिल्ली सरकार आपको यहां अस्थाई रूप से स्थान मुहैया कराएगी, जहां आप केंद्र सरकार द्वारा आपकी मांगें मान लेने तक कक्षाओं का संचालन कर सकते हैं।”

केजरीवाल ने कहा कि यदि केंद्र सरकार अंतत: उनकी मांगों पर सहमत नहीं होती है तो दिल्ली सरकार एफटीआईआई को अस्थाई रूप से दिए गए स्थान को ही संस्थान के रूप में विकसित करेगी, जहां विद्यार्थी शिक्षा-प्रशिक्षण जारी रख सकेंगे।

उल्लेखनीय है कि एफटीआईआई के विद्यार्थी करीब ढाई महीनों से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सदस्य एवं टेलीविजन अभिनेता गजेंद्र चौहान को संस्थान का अध्यक्ष नियुक्त किए जाने का विरोध कर रहे हैं।

इसी क्रम में प्रदर्शनकारी छात्रों ने सोमवार को संस्थान के निदेशक प्रशांत पाथराबे और दूसरे कर्मचारियों को उनके कार्यालय में आठ घंटों तक बंधक बनाकर रखा था और कार्यालय में तोड़फोड़ भी की थी, जिसके बाद मंगलवार रात पांच छात्रों को गिरफ्तार कर लिया गया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493