नई दिल्ली, 10 मई (आईएएनएस)। दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) के एक 42 वर्षीय बस चालक की रविवार को यहां पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।
पुलिस के मुताबिक, पश्चिमी दिल्ली के मुंडका इलाके में सुबह लगभग 9.30 बजे डीटीसी बस ने पीछे से एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी थी। इसके बाद मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति ने बस चालक की पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक चालक का नाम अशोक था। ।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि बस द्वारा टक्कर मारने के बाद मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति और उसकी मां सड़क पर गिर पड़े, जिसके बाद उसका बस चालक से विवाद हो गया।
विवाद इतना बढ़ गया कि मोटरसाइकिल सवार बस चालक अशोक को तब तक पीटता रहा, जब तक वह बेहोश नहीं हो गया।
घटनास्थल पर पुलिस के पहुंचने से पहले ही मोटरसाइकिल सवार भाग खड़ा हुआ।
पुलिस अधिकारी ने कहा, “बस चालक को पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चालक की चिकित्सा रपट के मुताबिक, उसके शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं हैं। हम उसके पोस्टमार्टम रपट का इंतजार कर रहे हैं।”
यह डीटीसी बस अंतर्राज्यीय मार्ग पर पश्चिमी दिल्ली के कर्मपुरा से हरियाणा के बहादुरगढ़ तक चलती है।
पुलिस ने अभी तक इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं की है।
dharmpath.com dharmpath