दिल्ली में बारिश, गर्मी से राहत

नई दिल्ली, 20 जून (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को हुई मानसून पूर्व भारी बारिश और हवा के झोंकों से दिल्लीवासियों को तपती गर्मी और उमस से राहत मिल गई, लेकिन इसके कारण कई स्थानों पर लोगों को यातायात जाम का भी सामना करना पड़ा।

दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के लगभग हर हिस्से में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हुई।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि बारिश के बाद पूर्वाह्न् 11.30 बजे तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 26 डिग्री सेल्सियस हो गया।

मौसम विभाग कार्यालय के मुताबिक, पूर्वाह्न् 11.30 बजे से अपराह्न् 2.30 बजे के बीच दक्षिणी दिल्ली के सफदरजंग में 9.2 मिलीमीटर और लोधी रोड में 3.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

दक्षिणी दिल्ली के आया नगर में सर्वाधिक (31 मिलीमीटर) बारिश हुई, जबकि हवाईअड्डे के पास पालम इलाके में केवल 2.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अधिकारी ने कहा, “दिल्ली और एनसीआर में अगले कुछ घंटों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।”

मानसून से पहले हुई इस बारिश ने लोगों को गर्मी से काफी राहत दी और कई लोग बारिश का मजा उठाने के लिए अपने घरों से बाहर आ गए।

दिल्ली के करोल बाग निवासी योगेश गुप्ता ने कहा, “मौसम असहनीय हो गया था। इस समय बारिश की बेहद जरूरत थी।”

मानसून पूर्व बारिश से मौसम भले ही खुशनुमा हो गया, लेकिन इसके कारण शहर में कई स्थानों पर यातायात जाम की समस्या से भी लोगों को दो-चार होना पड़ा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493