हॉकी : भारतीय टीम में सरदार, रुपिंदर और लाकड़ा की वापसी

नई दिल्ली, 20 जून (आईएएनएस)। भारतीय हॉकी टीम के कप्तान सरदार सिंह के साथ अनुभवी खिलाड़ी रुपिंदर पाल सिंह और बिरेंद्र लाकड़ा को छह देशों के हॉकी टूर्नामेंट के लिए चुनी गई 18 सदस्यीय भारतीय दल में शामिल किया गया है।

इस टूर्नामेंट का आयोजन स्पेन के वालेंसिया में 27 जून से शुरू हो रहा है।

सरदार को हाल ही में आयोजित हुए चैम्पियंस ट्रॉफी टूर्नामेंट में रजत पदक जीतने वाली भारतीय टीम में शामिल नहीं किया गया था। इस प्रतियोगिता के लिए उनकी अनुपस्थिति में गोलकीपर पी.आर. श्रीजेश को टीम की कमान सौंपी गई थी।

स्पेन में होने वाली इस प्रतियोगिता में भारत की रक्षापंक्ति में वी.आर. रघुनाथ और कोथाजीत सिंह जैसे अनुभवी खिलाड़ियों के साथ-साथ हरमनप्रीत सिंह और सुरेंद्र कुमार जैसे युवा खिलाड़ियों को शामिल किया गया है।

हरमनप्रीत को चैम्पियंस ट्रॉफी का सबसे अच्छा युवा खिलाड़ी चुना गया था। इसके साथ ही भारतीय दल में श्रीजेश और विकास दहिया को भी शामिल किया गया है।

इस टूर्नामेंट में भारत के अलावा अर्जेटीना, जर्मनी, न्यूजीलैंड, आयरलैंड और मेजबान स्पेन शामिल है।

सरदार ने कहा, “प्रतिष्ठि चैम्पियंस ट्रॉफी में पहला पदक जीतने के बाद हम आश्वस्त हैं कि छह देशों के हॉकी टूर्नामेंट में हम अपना बेहतरीन प्रदर्शन करेंगे।”

भारत के मुख्य कोच रोलेंट ओल्टमैंस ने कहा कि आगामी रियो ओलम्पिक से पहले उनकी टीम अच्छे खेल प्रदर्शन को जारी रखने को लेकर आश्वस्त है।

ओल्टमैंस ने कहा, “मैं अपने खिलाड़ियों के हालिया प्रदर्शन से सच में काफी खुश हूं, विशेषकर चैम्पियंस ट्रॉफी में दिए प्रदर्शन से। वह अपने अभ्यास को खेल में बेहतर रूप से तब्दील कर रहे हैं और लगातार इस प्रकार का खेल दर्शा रहे हैं।”

इस टूर्नामेंट में भारत का मुकाबला 27 जून को जर्मनी से होगा।

भारतीय टीम :

गोलकीपर : पी.आर. श्रीजेश (उपकप्तान), विकास दहिया

डिफेंडर : रुपिंदर पाल सिंह, वी.आर. रघुनाथ, कोथाजीत सिंह, सुरेंद्र कुमार, हरमनप्रीत सिंह, बिरेंद्र लाकड़ा

मिडफील्डर : दानिश मुज्तबा, चिंगलेसाना सिंह, मनप्रीत सिंह, सरदार सिंह (कप्तान), एस.के. उथप्पा, देविंदर सुनील वाल्मिकी, हरजीत सिंह

फारवर्ड : तलविंदर सिंह, एस.वी. सुनील, आकाशदीप सिंह, रमनदीप सिंह, निक्किन थिमैया

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493