नई दिल्ली, 15 जून (आईएएनएस)। शादी कर दिल्ली में बस चुकीं पूर्व मिस इंडिया और अभिनेत्री सयाली भगत कहती हैं कि दिल्ली में बसने के बाद से वह ज्यादा सतर्क हो गई हैं और शाम के वक्त घर से बाहर जाते हुए ज्यादा सावधानी बरतती हैं।
सयाली ने आईएएनएस को बताया, “मैं दिल्ली में शाम के वक्त बाहर जाने के दौरान ज्यादा सावधानी बरतती हूं। अपने स्थान की जानकारी परिवार को देने के लिए मैं अपना फोन चार्ज रखती हूं, मैं हर चीज का ख्याल रखती हूं। मुझे मुंबई में इतना डर नहीं लगता था, हां, यहां सतर्कता बढ़ गई है।”
उन्होंने दिल्ली के व्यवसायी नवनीत प्रताप सिंह से डेढ़ साल पहले शादी की थी, लेकिन उनका कहना है कि अभी भी उनका हनीमून पीरियड चल रहा है।
सयाली ने कहा, “यह अरेंज मैरेज थी, लेकिन हमें शादी के लिए तैयार होने में आठ से नौ महीने लगे। हम अभी भी एकदूसरे को जानने की कोशिश कर रहे हैं। मेरे पति बॉलीवुड प्रशंसक नहीं है और मुझे मिलने से पहले मुझे जानते तक नहीं थे। उन्हें टेनिस खेलने, दोस्तों के साथ घूमने और यात्रा करने में रुचि है।”
सयाली अपने करियर के बारे में कहती हैं कि वह फिलहाल कई फिल्मों पर काम कर रही हैं।
dharmpath.com dharmpath