नई दिल्ली, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। उपचारयोग्य दृष्टिहीनता के उन्मूलन के लिए चर्चित चित्रकार जतिन दास दरियागंज में रविवार सुबह आठ बजे ‘वॉक इन द डार्क’ की अगुवाई करेंगे, जिसमें वह आंख पर पट्टी बांध कर दृष्टिबाधित बच्चों के साथ चलेंगे।
इस वॉक के जरिए आंखों की देखभाल के महत्व के बारे में जागरूकता फैलाने की इंडियन विजन इंस्टीट़्यूट (आईवीआई) की पहल में डॉ. श्रॉफ चैरिटी आई हॉस्पिटल (एससीइएच) भी सहभागिता करेगा।
वॉक में सभी क्षेत्रों के 400 से भी ज्यादा लोग हाथों में आंखों की देखभाल के संदेशों वाले बैनर लिए शामिल होंगे।
एससीइएच के सीईओ अरुण अरोड़ा ने कहा, “हमें भारत में निरोध्य दृष्टिहीनता को दूर करने के उद्देश्य को लक्षित करने के लिए वॉक में आईवीआई की सहभागिता करने में गर्व है।”
आईवीआई के सीईओ विनोद डेनियल ने कहा, “पढ़ाई और दृष्टि के बीच सीधा संबंध है और यह दुखद है कि भारत में करोड़ों बच्चे अपनी क्षमता का पूरा उपयोग नहीं कर पाते क्योंकि उनकी पहुंच में चश्मा तक नहीं है। “
भारत में 13.1 करोड़ दृष्टिबाधित हैं और अनुमान के अनुसार 80 प्रतिशत वैश्विक दृष्टिबाधिता निरोध्य या उपचार के योग्य है।
नवम्बर 2014 में चेन्नई में और अप्रैल 2015 में हैदराबाद में ऐसी ही वॉक का आयोजन किया गया जिन्हें काफी समर्थन मिला।
आईवीआई अगले बारह महीनों में कई अन्य भारतीय शहरों में भी वॉक का आयोजन करेगी।
dharmpath.com dharmpath