दिल्ली सरकार के 200 नौकरशाह विरोधस्वरूप छुट्टी पर

नई दिल्ली, 31 दिसम्बर (आईएएनएस)। दिल्ली सरकार के 200 वरिष्ठ नौकरशाह यहां गुरुवार को दो अधिकारियों के निलंबन के विरोध में एक दिन की छुट्टी पर रहे।

दो वरिष्ठ सहकर्मियों के निलंबन का विरोध करने का निर्णय दिल्ली, अंडमान एवं निकोबार द्वीप सिविल सेवा (डैनिक्स) के सदस्यों ने लिया।

उल्लेखनीय है कि दिल्ली की सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार ने विशेष सचिव (कारागार) सुभाष चंद्र एवं विशेष सचिव (अभियोजन) यशपाल गर्ग को कथित तौर पर दो कैबिनेट नोट पर हस्ताक्षर करने से इंकार करने पर निलंबित कर दिया।

दिल्ली के गृह मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि उन्हें डैनिक्स सदस्यों की हड़ताल के बारे में कोई सूचना नहीं है। उन्होंने कहा, “निलंबन एक प्रशासनिक मामला है। अधिकारी मंत्रिमंडल के एक फैसले को लागू करने में असफल रहे।”

सत्येंद्र ने आरोप लगाया कि उपराज्यपाल नजीब जंग ने अधिकारियों को काम न करने का ‘निर्देश’ दिया है। उन्होंने कहा, “अधिकारी मुझे बता नहीं सकते कि ‘उपराज्यपाल ने हमसे काम न करने के लिए कहा है।’ उपराज्यपाल को एक लिखित आदेश पारित करना चाहिए।”

दिल्ली में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने भी यह कहते हुए दोनों अधिकारियों के निलंबन की निंदा की कि आप अधिकारियों को प्रताड़ित कर रही है। उन्होंने गृहमंत्री सत्येंद्र जैन के इस्तीफे की मांग की।

सतीश ने कहा, “दो विशेष सचिवों का निलंबन प्रशासन का निहायती गलत फैसला है। भाजपा अधिकारियों के ऐसे शोषण का पुरजोर विरोध करती है और जैन के इस्तीफे की मांग करती है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493