नई दिल्ली, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। हत्या के एक मामले में न्यायाधीन कैदी सोमवार को उस समय पुलिस की हिरासत से भाग गया, जब उसे एक अदालत में पेशी के लिए हरियाणा ले जाया जा रहा था।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दीपक डाबास करीब 40 साल का है और वह दिल्ली की तिहाड़ जेल में था।
अधिकारी ने कहा, “उसे सोनीपत में एक अदालत में पेश किया जाना था और पेशी वारंट पर उसे वहां ले जाया जा रहा था। वह पश्चिमी दिल्ली स्थित बवाना बाजार में दिल्ली पुलिस की टीम को चकमा देकर फरार होने में कामयाब हो गया।”
अधिकारी ने बताया कि इस बारे में बवाना पुलिस थाने में एक मामला दर्ज किया गया है। पश्चिमी दिल्ली के माजरा डाबास गांव निवासी डाबास को पकड़ने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath