नई दिल्ली, 9 जुलाई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को दिवंगत पत्रकार अक्षय सिंह के परिवार से मुलाकात की और उन्हें पत्रकार की मौत की निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की पेशकश भी की।
अक्षय सिंह के परिवार के एक सदस्य ने आईएएनएस को बताया कि शिवराज सिंह चौहान ने सरकारी नौकरी की पेशकश करने के अतिरिक्त उनकी बहन को आर्थिक मदद की पेशकश भी की।
व्यापमं घोटाले की रिपोर्टिग के लिए मध्य प्रदेश गए दिल्ली के पत्रकार अक्षय सिंह की चार जुलाई को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। वह समाचार चैनल ‘आज तक’ में कार्यरत थे।
एक अधिकारी ने बताया कि शिवराज ने अक्षय के परिवार के कई सदस्यों को नौकरी की पेशकश की, जबकि अक्षय सिंह के परिवार का कहना है कि मुख्यमंत्री ने केवल उनकी बहन को नौकरी की पेशकश की।
अक्षय के परिवार के एक सदस्य ने कहा, “हमें सिर्फ निष्पक्ष जांच चाहिए और कुछ नहीं।”
शिवराज ने कहा, “इस परिवार ने सब कुछ खो दिया। मैंने परिवार को अक्षय की मौत की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है। उनके दर्द को कम करने के लिए मुझसे जो कुछ भी बन पड़ेगा, मैं करूंगा। मैंने उनके समक्ष शहर में नौकरी दिलाने और अन्य मदद देने का प्रस्ताव रखा है।”
उन्होंने कहा, “मेरे जीवन का उद्देश्य सच्चाई का पता लगाना है, यही वजह है कि मैंने उनके (अक्षय सिंह ) बिसरा नूमने एम्स भिजवाए हैं।”
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी अक्षय की बहन को सरकारी नौकरी की पेशकश की है।
dharmpath.com dharmpath