दीमापुर में स्थिति सामान्य

गुवाहाटी/दीमापुर, 6 मार्च (आईएएनएस)। नागालैंड के वाणिज्यिक शहर दीमापुर में शुक्रवार को जन-जीवन सामान्य होने लगा है, हालांकि इलाके में अभी भी धारा 144 लागू है।

गुरुवार को दीमापुर स्थित केंद्रीय जेल में घुस आई भीड़ द्वारा दुष्कर्म के एक आरोपी कैदी की पीट-पीट कर हत्या कर घंटाघर में उसका शव लटका दिए जाने के बाद इलाके में अशांति का माहौल व्याप्त हो गया था।

राज्य सरकार ने घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं।

जिला प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “दीमापुर के अंदर और बाहरी हिस्से में भी सुरक्षा बंदोबस्त और सख्त कर दिए गए हैं।”

उन्होंने बताया कि गुरुवार को पुलिस द्वारा की गई गोलीबारी में घायल युवक की स्थानीय अस्पताल में मौत हो गई। इसके अलावा गोलीबारी में घायल तीन अन्य युवकों की हालत भी गंभीर बनी हुई है।

दीमापुर मुस्लिम परिषद ने कहा है कि माहौल शांति की ओर लौट रहा है तथा कहीं से किसी भी तरह की अप्रिय घटना की कोई खबर नहीं आई है।

परिषद के कार्यकारी अध्यक्ष ए. रहमान ने कहा, “हमने विभिन्न मोहल्लों में शांति समितियां बनाई हैं तथा घटना को सांप्रदायिक तनाव में तब्दील होने से रोकने की कोशिशें की जा रही हैं।”

इस बीच असम के मुख्यमंत्री तरुण गोगोई ने कैदी युवक की हत्या की निंदा की है तथा इसे ‘बर्बर, घृणित और गैर मानवीय’ करार दिया है।

गोगोई ने शुक्रवार को एक वक्तव्य जारी कर कहा, “युवक को जिस तरह भीड़ द्वारा पुलिस की हिरासत से खींचकर बाहर लाया गया और बर्बर तरीके से हत्या की गई, वह निंदनीय है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493