दुनिया भर में स्वास्थ्य का सिरमौर बना योग : नकवी

मेरठ, 21 जून (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने मंगलवार को कहा कि योग दुनिया भर में लोगों के ‘स्वास्थ्य का सिरमौर’ बन गया है और देश को गर्व है कि इसकी हजारों साल पुरानी संस्कृति दुनिया भर के लोगों के स्वास्थ्य के लिए एक संसाधान साबित हुई है।

दूसरे अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर यहां हजारों लोगों के साथ योग कार्यक्रम में हिस्सा लेते हुए नकवी ने लोगों से अपील की कि वे योग दिवस को अच्छे स्वास्थ्य की प्रतिबद्धता का दिन बनाएं।

उन्होंने कहा, “संपूर्ण विश्व समुदाय द्वारा जोश व उत्साह के साथ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाना वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा का सबूत है।”

नकवी ने कहा, “योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि यह एक स्वास्थ्य विज्ञान है। योग हमारे शरीर व मस्तिष्क को ऊर्जा प्रदान करता है। यह हमारी जीवनशैली में एक संतुलन बनाए रखने में मदद करता है। योग का उद्देश्य परस्पर विरोधी आवेगों को शांत करना है।”

मंत्री ने कहा कि वह खुद पिछले कई साल से योग करते आ रहे हैं और यह सभी आयु के लोगों के लिए लाभप्रद है।

उन्होंने कहा, “योग को किसी खास धर्म, क्षेत्र या समुदाय से जोड़ना ठीक नहीं है। केवल संकीर्ण मानसिकता के लोग योग को संकीर्ण मानसिकता से देख रहे हैं। स्वास्थ्य पर राजनीति स्वास्थ्य के लिए अच्छा नहीं है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493