दुराचारियों को फांसी दी जाए : शिवराज

भोपाल, 13 जनवरी (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दुराचारियों को फांसी की सजा दिए जाने की वकालत की है।

नर्मदा नदी को प्रदूषण मुक्त किए जाने के लिए 11 दिसंबर को अमरकंटक से शुरू हुई ‘नमामि देवी नर्मदे सेवा यात्रा’ के तहत 33वें दिन शुक्रवार को होशंगाबाद जिले के सांगाखेड़ा खुर्द में नर्मदा नदी के तट पर जनसमुदाय को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री चौहान ने कहा, “प्रदेश में बेटियों का मान-सम्मान सुनिश्चित हो। उनकी सुरक्षा के लिए दुराचारियों को जेल नहीं, बल्कि सीधे फांसी पर लटकाया जा सके। इसके लिए शीघ्र प्रावधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।”

मुख्यमंत्री ने प्रदूषित होती नर्मदा को बचाने के लिए लोगों से आह्वान किया कि वे नर्मदा जल को शुद्ध रखने में अपना योगदान दें। नर्मदा में पूजा के फूल, माला, प्लास्टिक के दीप आदि का विर्सजन नहीं करें। इसके लिए वे नर्मदा तट पर पृथक से विसर्जन कुंड का निर्माण करवाएंगे।

चौहान ने सरकार की आगामी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा, “नर्मदा तट पर दाह संस्कारों से होने वाले प्रदूषण को रोकने के लिए तटों के किनारे मुक्ति धामों का निर्माण किया जाएगा। गणेश एवं दुर्गा जी की मूर्तियों के विर्सजन के लिए भी अलग से विर्सजन कुंडों का निर्माण करवाया जाएगा। माता और बहनों को नर्मदा स्नान के बाद कपड़े बदलने के लिए चेंजिंग रूम बनवाए जाएंगे।”

मुख्यमंत्री ने कहा, “नर्मदा नदी का उद्गम अन्य नदियों की तरह नहीं, वरन पेड़ों द्वारा अवशोषित वर्षा का जल बूंदों के रूप में झीरियों के द्वारा नर्मदा नदी में गिरता रहता है। वैज्ञानिकों के अनुसार, नर्मदा का जल-स्तर बढ़ाने का एकमात्र उपाय नर्मदा के किनारों पर पौधरोपण ही है।”

मुख्यमंत्री ने कहा, “नर्मदा नदी पर डेम बनाकर बिजली उत्पन्न की जा रही है। इससे किसान अपने खेतों में पर्याप्त मात्रा में सिंचाई कर भरपूर फसल उगा रहे हैं।” कहते हैं यमुना में सात बार स्नान से, तो गंगा में एक बार स्नान से मोक्ष की प्राप्ति होती है तो नर्मदा के दर्शन मात्र से मनुष्य अपने पापों से मुक्त हो जाता है।

इस अवसर पर प्रदेश के विधानसभा अध्यक्ष सीताशरण शर्मा, वरिष्ठ मंत्री डॉ. गौरीशंकर शेजवार, सूर्यप्रकाश मीणा, सांसद राव उदय प्रताप सिंह, अध्यक्ष खनिज विकास निगम शिव चौबे, संत बाबा बालकदास, प्रज्ञा भारती, विधायक विजयपाल सिंह एवं साधना सिंह एवं डॉ. किरण शेजवार सहित बड़ी संख्या में जनसमूह उपस्थित था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493