‘दुष्कर्म पीड़िता’ जैसा महसूस करने वाला बयान देकर फंसे सलमान

मुंबई, 21 जून (आईएएनएस)। सुपरस्टार सलमान खान अपनी तुलना ‘दुष्कर्म पीड़ित’ महिला से करने के चलते जबर्दस्त रूप से विवादों में आ गए हैं।

सलमान से दरअसल उनकी आगामी फिल्म ‘सुल्तान’ की शूटिंग से संबंधित अनुभव पर बयान देने के लिए कहा गया था, जिस पर उन्होंने कहा कि वह इसकी शूटिंग के बाद दुष्कर्म की शिकार महिला की तरह महसूस करते थे।

सलमान से यहां शनिवार को एक संवाददाता सम्मेलन में पूछा गया कि ‘सुल्तान’ के कुश्ती वाले दृश्यों की शूटिंग करना किस तरह मुश्किल था?

जवाब में उन्होंने कहा, “उन छह घंटों की शूटिंग के दौरान बहुत ज्यादा उठा-पटक हुई, जो अविश्वसनीय थी। मैं 120 किलोग्राम के बंदे को उठा रहा था और नीचे पटक रहा था, मुझे ऐसा 10 बार करना पड़ा था।”

उन्होंने कहा, “मैंने यह अलग-अलग एंगल से 10 दफा किया, तो इस तरह छह-साढ़े छह या सात घंटे लगे..तो यह बहुत मुश्किल चीज थी।”

सलमान ने कहा, “मैं जब चलकर अखाड़े से बाहर आता, तो असल में दुष्कर्म की शिकार महिला के जैसा महसूस होता था। मुझे नहीं लगता कि आपको ऐसा महसूस होता है। यह बेहद मुश्किल था। मैं कदम आगे नहीं बढ़ा सकता था। मैं खाना खाता और उसके बाद सीधे वजन उठाने की ट्रेनिंग के लिए चला जाता।”

हालांकि उनके इस बयान ने सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं को चौंका दिया है, कई ने उनके ‘संवेदनाहीन’ बयान की आलोचना की है।

चर्चित डिजाइनर-नेता शाइना एन.सी. ने ट्विटर पर लिखा, “दुष्कर्म एक महिला के आत्मसम्मान का दमन करने के लिए एक ज्यादतीपूर्ण कृत्य है। मैं सलमान के बारे में जानती हूं कि वह महिलाओं का सम्मान करते हैं, इसलिए उन्हें माफी मांगनी चाहिए।”

वहीं, एक ट्विटर उपयोगकर्ता ने पोस्ट में लिखा, “सलमान खान का कहना है कि उन्हें एक दुष्कर्म पीड़िता की तरह महसूस हुआ। वाह! थकान बयां करने का क्या तरीका है। अगर आप सलमान खान के प्रशंसक है, तो अच्छी बात है लेकिन अगर आप उनके निराशाजनक बयान का समर्थन करते हैं, तो आप महज एक घिनौने जीव हैं।”

सलमान ने जिस संवाददाता सम्मेलन में यह विवादित बयान दिया, उसमें कई पत्रकार मौजूद थे जिनका कहना है कि सलमान के बयान का गलत मतलब निकाला गया है।

वहीं, राष्ट्रीय महिला आयोग ने सलमान के इस बयान पर संज्ञान लिया है और उनसे एक सप्ताह के भीतर माफी मांगने को कहा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493