नई दिल्ली, 26 जून (आईएएनएस)। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने पुलिस कांस्टेबल तथा करीबी थाने के उनके एक सहयोगी द्वारा एक महिला के साथ कथित रूप से दुष्कर्म किए जाने के मामले में राजस्थान सरकार को नोटिस जारी किया है।
यह जानकारी शुक्रवार को एक बयान में सामने आई है।
आयोग ने मीडिया की खबरों पर संज्ञान लेते हुए नोटिस जारी किया है। मीडिया में ऐसी खबरें आई थीं कि महिला के साथ नागौर जिले के मौलासर पुलिस थाने से संबद्ध एक चौकी में दुष्कर्म किया गया था। आयोग ने नागौर के जिलाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक को नोटिस भेजा और दो सप्ताह के अंदर रपट मांगी।
एनएचआरसी ने कहा, “मीडिया की खबर अगर सच्ची है, तो यह सरकारी कर्मचारी द्वारा महिला के मानवाधिकारों का खुला उल्लंघन है।”
मीडिया की खबरों का उल्लेख करते हुए इसने कहा कि पुलिस कांस्टेबल को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसका सहयोगी फरार है।
dharmpath.com dharmpath