दूरदर्शन को मिली भारत-पाक मैच प्रसारित करने की अनुमति (राउंडअप)

नई दिल्ली, 10 फरवरी (आईएएनएस)। देश के करोड़ों क्रिकेट प्रेमी अब आईसीसी विश्व कप कप 2015 के तहत 15 फरवरी को भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मैच का लुत्फ नि:शुल्क उठा सकेंगे।

सर्वोच्च न्यायालय ने मंगलवार को राष्ट्रीय प्रसारणकर्ता दूरदर्शन को एडिलेड ओवल मैदान पर भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले बहुप्रतीक्षित मैच का प्रसारण करने की इजाजत दे दी।

इस मैच को विभिन्न माध्यमों से एक अरब दर्शक मिलने का अनुमान है। दिल्ली उच्च न्यायालय ने हालांकि इससे पहले पिछले हफ्ते दूरदर्शन द्वारा इस मैच के प्रसारण पर रोक लगा दी थी।

दूरदर्शन स्टार से लाइव फीड हासिल कर मैच का सीधा प्रसारण करेगा। गौरतलब है कि 14 फरवरी से शुरू हो रहे विश्व कप मैचों का प्रसारण अधिकार स्टार नेटवर्क के पास है।

न्यायाधीश रंजन गोगोई और न्यायाधीश पिनाकी चंद्र घोष की खंडपीठ ने मामले की सुनवाई करते हुए कहा कि दिल्ली उच्च न्यायालय के फैसले पर फिलहाल रोक लगी रहेगी और इस मामले की अगली सुनवाई 17 फरवरी को होगी।

दूरदर्शन पर मैचों के प्रसारण नहीं करने संबंधी याचिका को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई), ईएसपीएन और स्टार ने दायर की थी और 2007 के बाद से यह मामला दिल्ली उच्च न्यायालय में था। इसके अनुसार केबल टीवी ऑपरेटर दूरदर्शन के जरिए लाइव फीड हासिल कर रहे थे और इससे इनके आमदनी पर बड़ा असर हो रहा था।

स्टार ने सर्वोच्च न्यायालय में सुनवाई के दौरान कहा कि उसने 3,851 करोड़ रुपये अदा कर 2012 से 2018 के बीच होने वाले मैचों का प्रसारण अधिकार खरीदा है और दूरदर्शन पर मैच दिखाए जाने से उसे बड़ा नुकसान होगा।

वहीं, प्रसार भारती की ओर से कहा गया कि अगर दूरदर्शन मैचों का प्रसारण नहीं करता तो यह राष्ट्र के करोड़ों लोगों की खेल भावना के विपरीत होगा।

उल्लेखनीय है कि पिछले हफ्ते दिल्ली उच्च न्यायालय ने विश्व कप के मैचों के दूरदर्शन द्वारा प्रसारण पर रोक लगाई थी लेकिन साथ ही न्यायालय ने प्रसार भारती के साल 2000 के उस अधिसूचना को रद्द करने से इंकार कर दिया था जिसके अनुसार सभी केबल ऑपरेर्ट्स को डीडी नेशनल और डीडी न्यूज का प्रसारण करना अनिवार्य है। इसके बाद यह मामला सर्वोच्च न्यायालय में गया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493