नोएडा, 9 अगस्त (आईएएनएस)। फिल्म ‘गो गोवा गॉन’ के लिए ‘खून चूस ले’ गाने के बाद अर्जुन कनूनगो संगीत वीडियो ‘बाकी बातें’ में नजर आए थे। अर्जुन का कहना है कि संगीतकारों को दृश्य माध्यम से ज्यादा लोकप्रियता मिलती है।
यहां गार्डन्स गैलेरिया में कार्यक्रम पेश करने के लिए मौजूद अर्जुन ने आईएएनएस से कहा, “मैंने मार्केटिंग में डिग्री ली है। इसलिए मैं कह सकता हूं कि अगर आप अपने ब्रांड का निर्माण करने का प्रयास कर रहे हैं तो मुझ लगता है कि इसके लिए ऑडियो माध्यम की तुलना में वीडियो में आपको ज्यादा लोकप्रियता मिलती है।”
अर्जुन ने कहा कि उनके एकल गीतों ‘बाकी बातें’ और ‘फुर्सत’ ने उन्हें ज्यादा लोकप्रियता दिलाई है।
उन्होंने कहा, “मैंने पॉप संगीत से काफी पहले पाश्र्व गायन शुरू किया था..बॉलीवुड के 10 हिट गीतों से मेरे जितने प्रशंसक बने थे, उनसे कहीं ज्यादा मेरे गाए इन दो गीतों से बने हैं। बॉलीवुड से मुझे ज्यादा लोकप्रियता नहीं मिली।”
उन्होंने कहा, “लोग जानते हैं कि बादशाह कौन है..यो यो हनी सिंह कौन है..वे इन कलाकारों को इसलिए जानते हैं क्योंकि वे अपने गीतों में दिखाई देते हैं।”
अर्जुन एक प्रशिक्षित अभिनेता भी हैं। उन्होंने न्यूयॉर्क में अभिनय की शिक्षा ली है।
dharmpath.com dharmpath