देश के 14वें राष्ट्रपति के चुनाव के लिए मतदान जारी (लीड-1)

नई दिल्ली, 17 जुलाई (आईएएनएस)। देश के 14वें राष्ट्रपति के चुनाव के लिए सोमवार को सांसद और विभिन्न राज्यों के विधायक मतदान कर रहे हैं।

नए राष्ट्रपति के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवार रामनाथ कोविंद और विपक्षी पार्टियों की संयुक्त उम्मीदवार पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार के बीच मुकाबला है।

वर्तमान राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी का कार्यकाल 25 जुलाई को समाप्त हो रहा है।

राष्ट्रीय और राज्य की राजधानियों में सुबह 10 बजे मतदान प्रक्रिया शुरू हुई।

मतदान के दौरान कई सांसद संसद भवन के बाहर कमरा नम्बर 62 में बने मतदान केंद्र के बाहर कतार में खड़े दिखाई दिए।

मतदान शाम पांच बजे समाप्त होगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह मतदान शुरू होने के शुरुआती घंटों में ही वोट डालने वालों में शामिल रहे।

मोदी सफेद कुर्ता-पायजामा के ऊपर हल्के बादामी रंग की आधी आस्तीन वाला एक जैकेट पहने हुए मतदान के लिए संसद परिसर पहुंचे। संसद के तीन सप्ताह का मानसून सत्र भी सोमवार को ही शुरू हुआ है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह सत्र देश में एक नई उम्मीद जगाएगा।

उन्होंने कहा, “आज मानसून सत्र शुरू हो रहा है और जिस प्रकार मानसून आशाएं लाता है, उसी प्रकार यह सत्र भी आशा की वही भावना लाया है।”

गुजरात से विधायक शाह ने भी राष्ट्रपति चुनाव में अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

सभी निर्वाचित सांसद हरे रंग के और विधायक गुलाबी रंग के मतपत्रों पर वोट डाल रहे हैं। वे मतदान के लिए अपने पेन का इस्तेमाल नहीं कर सकते। इसके लिए उन्हें बैंगनी स्याही वाले विशेष अंक वाले पेन दिए गए हैं।

मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी राज्यों से मतपेटियां दिल्ली लाई जाएंगी, जिन्हें संसद में रखा जाएगा।

मतगणना और परिणाम की घोषणा 20 जुलाई को होगी।

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री एम. वेंकैया नायडू ने मतदान के लिए संसद जाने से पहले कहा, “कोविंदजी आरामदायक और सम्मानित अंतर से जीत जाएंगे।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493