इलाहाबाद, 13 जून (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के दूसरे दिन राजनीतिक प्रस्ताव पारित किया गया। पार्टी ने इस प्रस्ताव में एक तरफ जहां देश को महाशक्ति बनाने का संकल्प लिया, वहीं दूसरी ओर पिछले दो वर्षों में केंद्र सरकार की उपलब्धियों का भी जिक्र किया है।
यहां भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक के दूसरे दिन केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बैठक में पारित हुए राजनीतिक प्रस्ताव के बारे में पत्रकारों को जानकारी दी।
गडकरी ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का बखान करते हुए कहा कि पिछले दो वर्षों के दौरान हर क्षेत्र में विकास हुआ है। प्रधानमंत्री के विदेश दौरों की वजह से विदेशों में भारत की छवि काफी बेहतर हुई है।
गडकरी ने कहा कि राजनीतिक प्रस्ताव में इस बात का भी जिक्र किया गया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश महाशक्ति बनने की तरफ अग्रसर है। हर तरफ भारत का डंका बज रहा है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राजनीतिक प्रस्ताव में इस बात को भी शामिल किया गया है कि देश में भय, भूख और भ्रष्टाचार का खात्मा किया जाएगा और पार्टी पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी के सपनों को पूरा करने के लिए काम करेगी।
कार्यकारिणी की बैठक में पारित प्रस्ताव में इस बात का भी जिक्र है कि आने वाला समय भाजपा का है, और भाजपा को पूर्वोत्तर और दक्षिण के राज्यों में अतिरिक्त मेहनत करने की जरूरत है।
गडकरी ने कहा, “आने वाले समय में भाजपा का भविष्य और उज्जवल होगा तथा कांग्रेस अपने आप समाप्त हो जाएगी।” उन्होंने कहा कि “मोदी सरकार में देश की जीडीपी पिछली संप्रग सरकार के मुकाबले काफी बेहतर है। देश आज दुनिया में सबसे तेजी से विकास करने वाला राष्ट्र बन गया है।”
dharmpath.com dharmpath