‘देश में फैली अशांति’ को लेकर शिवसेना का मोदी पर हमला

मुंबई, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) गठबंधन सरकार की घटक शिवसेना ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला करते हुए कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों में जो अशांति की चिंगारी फैली है, वह आने वाले दिनों में भीषण आग का रूप ले सकती है।

शिवसेना ने देश के मौजूदा हालात की तुलना मुंबई के देवनार गारबेज डंप से की। उसने कहा कि यह बाहर से तो ठंडा मालूम पड़ता है, लेकिन अंदर भीषण आग लगी है, जिससे नियमित तौर पर लपटें निकलती हैं।

पार्टी ने अपने मुखपत्र ‘सामना’ में कहा, “मोदी पूरी दुनिया में शांति की मशाल लेकर यात्राएं कर रहे हैं, लेकिन उनका अपना घर पटेल आरक्षण आंदोलन मुद्दे की आग में जल रहा है।”

लेख के मुताबिक, “एक तरफ भाजपा ने जम्मू एवं कश्मीर में अलगाववादी ताकतों के साथ मिलकर सरकार का गठन किया है, तो दूसरी तरफ हार्दिक पटेल पर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज कर जेल में बंद कर दिया है।”

लेख में कहा गया है कि जम्मू एवं कश्मीर में शांति के नाम पर रोजाना लोगों को मारा जा रहा है, वहीं नक्सली छत्तीसगढ़ में लगातार खून की होली खेल रहे हैं। गुजरात में हालात नियंत्रण से एकदम बाहर हो चुका है, तो देश के अधिकांश हिस्सों में पुलिस बंदूक दिखाकर शांति बरकरार रख रही है।

लेख के अनुसार, एक तरफ तो भाजपा ने ‘भारत माता की जय’ न बोलने वालों का सिर काटने की धमकी दी है, लेकिन दूसरी तरफ जम्मू एवं कश्मीर में कुछ वैसे ही लोगों के साथ सरकार का गठन किया है, जो कभी ‘भारत माता की जय’ का नारा नहीं लगाते। सुशासन का एक भी संकेत नहीं है।

भाजपा पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए शिवसेना ने कहा कि उन्हें जम्मू एवं कश्मीर में अलगाववादी ताकतों से बात करने में कोई गुरेज नहीं है, लेकिन गुजरात में उसका घमंड उसे अपने (पटेलों) ही लोगों के साथ समझौता करने की इजाजत नहीं देता।

शिवसेना ने कहा, “हार्दिक पटेल ने पटेल आरक्षण को लेकर राज्य सरकार को चुनौती दी है, लेकिन जैसे ही उसने अधिकारियों को धमकी दी, उन्होंने उस पर देशद्रोह का मुकदमा कर दिया। इसे आखिर कैसे न्यायोचित ठहराया जाए।”

शिवसेना ने कहा कि कभी मोदी का समर्थन करने वाले गुजरात के युवा अब हार्दिक पटेल का समर्थन कर रहे हैं और गुजरात की चिंगारी देश में कहीं और नहीं फैलनी चाहिए।

लेख में कहा गया है, “हार्दिक पटेल जैसा युवक गुजरात सरकार को चुनौती दे रहा है, तो दूसरी और कन्हैया कुमार केंद्र सरकार को चुनौती दे रहा है, लेकिन यह समय ठंडे और शांतिपूर्ण दिमाग से सोचने का है।”

शिवसेना ने कहा कि भाजपा का घमंड चिंगारी को हवा दे सकता है और ऐसा हरगिज नहीं होने देना चाहिए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493