देसी वॉरियर में युवाओं ने उठाया प्रतिस्पर्धा रहित रोमांचक खेलों का आनंद

गुड़गांव, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। रोमांचक बाधाओं को पार करते हुए अपनी मंजिल पाने के रोमांच का रविवार को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के 2,000 से भी अधिक प्रतिभागियों ने देसी वॉरियर्स के दूसरे संस्करण में जमकर लुत्फ उठाया।

एड्रेनलिन एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा गुड़गांव के बीचोबीच गोल्फ कोर्स एक्स्टेंशन रोड पर एम3एम सेज में आयोजित इस रोमांचक फिटनेस फेस्टिवल में युवाओं, परिवारों और बच्चों ने बिना किसी प्रतिस्पर्धा के विश्व स्तरीय बाधाओं को पार करने का रोमांच उठाया।

देसी वॉरियर्स के संस्थापक समर शिवदासानी ने बताया कि इवेंट के आयोजन में जोखिमों को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और पिछले वर्ष की तुलना में वॉलंटियर्स की संख्या दोगुनी कर दी गई है।

बच्चों के लिए अलग से एक किलोमीटर दूरी में बनाए गए बैटल फील्ड में कुल 10 बाधाएं थीं, जिन्हें उनकी आयु के अनुरूप तैयार किया गया था। वहीं पेशेवर या वयस्क श्रेणी के लिए पांच किलोमीटर की दूरी में डिजाइन किए गए बैटल फील्ड में 22 विश्व स्तरीय बाधाएं, जैसे आग के ऊपर से कूदना, कंटीली तारों के नीचे पेट के बल रेंगना, ट्रक से पानी के कुंड में कूदना, रस्सी से झूलना या बर्फ के कुंड में डुबकी लगाना शामिल थे।

प्रत्येक ऑब्स्टेकल के नजदीक मार्गदर्शन और निगरानी के लिए दो प्रशिक्षित वॉलंटियर्स तैनात किए गए थे और किसी आपात जोखिम से निपटने के लिए एंबुलेंस की भी व्यवस्था की गई थी।

समर ने बताया, “पिछली बार की अपेक्षा इस बार प्रतिभागियों की संख्या दोगुनी रही, जिसे पहले से ध्यान में रखते हुए 164 स्वयंसेवियों की व्यवस्था की गई है। वास्तव में हमने प्रतिस्पर्धा का तत्व इसमें से निकाल ही दिया है। देसी वॉरियर का उद्देश्य फिटनेस को आनंददायी, सौहार्दपूर्ण और टीमवर्क की भावना के साथ रोमांचक खेलों का आनंद उठाना है।”

समर की योजना इस वर्ष देसी वॉरियर्स के आयोजनों की संख्या बढ़ाकर पांच करने, दूसरे वर्ष आठ और तीसरे वर्ष 12 आयोजन करने की है। देसी वॉरियर्स के अगले संस्करण का आयोजन अब पुणे में किया जाएगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493