दोषी करार दिया गया गोवा का पूर्व मंत्री लापता

पणजी, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। गोवा के पूर्व अभिलेखागार और पुरातत्व मंत्री फ्रांसिस्को उर्फ मिकी पचेको एक मामले में दोषी ठहराए जाने और सजा सुनाए जाने के बाद लापता हो गए हैं।

एक पखवाड़ा पहले तक वह 45 लाख रुपये कीमत वाली एसयूवी ‘हमर’ से अपने दफ्तर जाते थे।

कभी-कभी वह राज्य सचिवालय अपनी चमचमाती हाले डेविडसन मोटरसाइकिल से भी जाते थे। उनकी मोटरसाइकिल पर हेडलाइट की सुरक्षा के लिए चांदी का कवच लगा हुआ है।

इस विलासिता के कारण कोई भी उन्हें भूल नहीं सकता। लेकिन कुछ दिनों से पचेको लापता हैं। 30 मार्च को सर्वोच्च न्यायालय ने एक सरकारी कर्मचारी से बदसलूकी के मामले में बंबई उच्च न्यायालय के उस फैसले को बरकरार रखा था, जिसमें उन्हें दोषी ठहराया गया था और सजा सुनाई गई थी। अदालत के फैसले के बाद उन्हें सरकार से इस्तीफा देना पड़ा था।

पचेको का विवादों से पुराना रिश्ता है। भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार पुलिस के साथ गोवा विकास पार्टी के मुखिया की तलाश में जुटी हुई है। पचेको की तलाश के लिए पुलिस ने एक विशेष दस्ते का गठन किया है। गोवा विकास पार्टी, भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार में सहयोगी है और पचेको सहित इसके दो विधायक सरकार का हिस्सा हैं।

पुलिस अधीक्षक शेखर प्रभुदेसाई ने कहा, “पचेको के खिलाफ सभी आव्रजन जांच चौकियों को लुकआउट नोटिस जारी कर दिया गया है।” शेखर तकरीबन आधा दर्जन पुलिस कर्मियों के दल का नेतृत्व कर रहे हैं।

एक दशक पहले पचेको गोवा के संभवत: पहले ऐसे मंत्री थे जो कि अपने सिर पर बंदाना बांधकर दफ्तर पहुंचे थे।

पुलिस सूत्रों का कहना है कि पुलिस की एक टीम को लापता मंत्री का पता लगाने के लिए दिल्ली भेजा गया है।

वह एक दशक से भी अधिक समय से राजनीति में हैं और आए दिन किसी न किसी नए विवाद से घिरे रहते हैं।

ताजा मामले में पचेको को गोवा सरकार के बिजली विभाग में कनिष्ठ इंजीनियर कपिल नाटेकर की शिकायत पर छह माह कारावास की सजा सुनाई गई है। कपिल ने पचेको पर 2006 में उनके साथ मारपीट का आरोप लगाया था।

पचेको के करीबी एक पारिवारिक सूत्र ने कहा कि वह गिरफ्तारी से नहीं बच रहे हैं। उन्होंने कहा, “पुलिस द्वारा गिरफ्तार नहीं होना चाहते, बल्कि सम्मानजनक तरीके से समर्पण करना चाहते हैं, क्योंकि वह एक सार्वजनिक व्यक्ति हैं।”

सूत्र ने कहा कि पचेको बुधवार को समर्पण करेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493