पटना, 12 जुलाई (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक विजय खेमका द्वारा पूर्णिया के जिला खनन पदाधिकारी को कथित रूप से धमकी दिए जाने के मामले पर तंज कसते हुए मंगलवार को कहा कि यह भाजपा के लिए नकारात्मक खबर है, इसलिए पार्टी के सभी लोग सो रहे हैं।
यादव ने ट्विटर के जरिए भाजपा पर निशाना साधते हुए लिखा, “यह भाजपा के लिए नकारात्मक खबर है, इसलिए सभी गहरी नींद सो रहे हैं। वे दूसरों की कहानियां बनाने में लगे रहते हैं, अपनी पार्टी की नहीं।”
इधर, राज्य के उपमुख्यमंत्री और लालू प्रसाद के पुत्र तेजस्वी प्रसाद यादव यादव ने भी इस मामले को लेकर भाजपा को कठघरे में खड़ा किया है।
तेजस्वी ने ट्वीट किया, “यदि ये सत्तापक्ष का विधायक होता तो भाजपा छाती पीटकर मातम मना रही होती और टेलीविजन के समाचार चैनलों के प्राइम टाइम के डिबेट (वाद-विवाद) में बिहार का चीरहरण हो रहा होता।”
उल्लेखनीय है कि पूर्णिया से भाजपा विधायक विजय खेमका ने अवैध पत्थर बालू डिपो संचालकों के खिलाफ जिले में चलाए जा रहे छापेमारी अभियान को कथित रूप तत्काल बंद करने को लेकर जिला खनन पदाधिकारी मतीउर रहमान को फोन कर सोमवार को धमकी दी। इस सिलसिले में पदाधिकारी रहमान ने जिलाधिकारी से मिलकर लिखित शिकायत की है।
पूर्णिया के जिलाधिकारी पंकज पाल ने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है।
विधायक खेमका ने इन आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया है।
dharmpath.com dharmpath