नई दिल्ली, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को कहा कि देश में नक्सली समस्याओं का सामना करने के लिए सभी राजनीतिक दलों को एक साथ आगे आना चाहिए।
गृह मंत्रालय की अनुदान संबंधी मांगों पर लोकसभा में बहस का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में नक्सलियों द्वारा मारे जाने वालों की संख्या में 22 प्रतिशत की गिरावट आई है।
उन्होंने कहा, “2013 में 397 लोग मारे गए थे, जबकि 2014 में नक्सलियों ने 309 लोगों की जान ली थी, जो पिछली बार की तुलना में 22 प्रतिशत कम है।”
उन्होंने कहा, “हम नक्सली गतिविधियों को समाप्त करना चाहते हैं। यदि इसी तरह अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति को निशाना बनाया जाता रहा तो सरकार उन्हें माफ नहीं करेगी।”
गृहमंत्री ने कहा कि यह सच है कि नक्सल प्रभावित क्षेत्र सर्वाधिक पिछड़े हुए क्षेत्र हैं। मैं सभी राजनीतिक दलों का आह्वान करता हूं कि हमें मिलकर नक्सली समस्याओं का सामना करना चाहिए, ताकि हम देश को इस समस्या से निजात दिला सके।
उन्होंने कहा, “हम विकास संबंधी कार्य कर रहे हैं और इन क्षेत्रों में हमने संचार सुविधाओं को बढ़ाने की कोशिश की है। हमने इन क्षेत्रों में लगभग 2,000 टॉवर स्थापित किए हैं।”
dharmpath.com dharmpath