नई दिल्ली, 19 जुलाई (आईएएनएस)। केंद्र सरकार ने बिहार में नक्सली खतरे से निपटने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सभी आवश्यक मदद प्रदान करने का मंगलवार को आश्वासन दिया।
एक आधिकारिक सूत्र ने यहां कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने नीतीश कुमार से टेलीफोन पर बातचीत के दौरान यह आश्वासन दिया।
बिहार के औरंगाबाद जिले में सोमवार रात नक्सलियों के हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 10 जवानों के शहीद होने के मद्देनजर केंद्र का यह आश्वासन सामने आया है।
सूत्र ने कहा कि सिंह ने शहीद जवानों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की।
अधिकारियों ने कहा कि राज्य के गया जिले के निकट जंगली इलाकों में विस्फोट में सीआरपीएफ के छह अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गए।
गृह मंत्री ने हालात के आकलन के लिए सीआरपीएफ के महानिदेशक के. दुर्गा प्रसाद को गया-औरंगाबाद क्षेत्र का दौरा करने का निर्देश दिया है।
बिहार के मुख्यमंत्री ने हमले में शामिल नक्सलियों को पकड़ने के लिए उठाए गए कदमों से गृह मंत्री की अवगत कराया।
संसदीय मामलों के मंत्री अनंत कुमार ने कहा कि लोकसभा में बुधवार को थोड़ी देर के लिए कश्मीर पर और देश में सामान्य कानून व्यवस्था पर चर्चा होगी।
dharmpath.com dharmpath