नगर निगम चुनाव के लिए मतदान जारी (लीड-2)

नई दिल्ली, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली में लाखों की संख्या में पुरुष और महिला मतदाता नगर निगम चुनाव के लिए रविवार को अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। यह चुनाव भाजपा, कांग्रेस और आप तीनों दलों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

शहर के 13,022 मतदान केंद्रों पर सुबह आठ बजे से शुरू हुए मतदान के बाद से लोगों का मतदान केंद्रों पर पहुंचना जारी है। समय बीतने के साथ-साथ कई जगहों पर लोगों की लंबी कतारें देखने को मिली हैं।

मतदान के प्रथम दो घंटों में 1.32 करोड़ मतदाताओं ने लगभग 11 प्रतिशत मतदान किया है। चुनाव आयोग के अधिकारियों ने कहा कि यह संख्या अपराह्न् एक बजे तक काफी हद तक बढ़ गई है।

उत्तर दिल्ली नगर निगम की 104 सीटों और दक्षिण दिल्ली नगर निगम की 104 सीटों और पूर्व दिल्ली नगर निगम की 64 सीटों के लिए 2,537 से अधिक उम्मीदवार मैदान में हैं।

पूर्वी दिल्ली के मौजपुर और उत्तर दिल्ली के सराय पीपल थाला दोनों वाडरें में समाजवादी पार्टी के उम्मीदवारों की मौत के कारण मतदान स्थगित कर दिया गया है।

इस चुनाव के तीन प्रमुख दावेदारों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस शामिल हैं।

ये तीनों नगर निगम दिल्ली के 70 विधानसभा क्षेत्रों में से 68 को कवर करते हैं।

उपराज्यपाल अनिल बैजल, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और दिल्ली कांग्रेस प्रमुख अजय माकन और दिल्ली के भाजपा नेता शुरुआती घंटों में ही मतदान करने वालों में शामिल रहे।

यह पूछे जाने पर कि क्या इस चुनाव को दिल्ली में आम आदमी पार्टी सरकार के दो साल के प्रदर्शन के जनमत संग्रह के रूप में देखा जा सकता है? केजरीवाल ने अपने परिवार के साथ वोट डालने के बाद कहा, “मैं दिल्ली के लोगों से गंदगी, डेंगू और चिकनगुनिया मुक्त दिल्ली के लिए वोट करने का आग्रह करता हूं।”

उन्होंने कहा, “भाजपा ने 10 साल तक काफी नुकसान किया है। उन्होंने केवल एक काम किया है कि वह आप के साथ जुबानी लड़ाई लड़ते रहे हैं। लोग समझदार शासन चाहते हैं। अगर कांग्रेस के ट्रैक रिकॉर्ड की ओर देखेंगे तो वे हमारे लिए वोट देंगे।”

मतदान के दौरान कुछ मतदाताओं ने खराब प्रबंधन की भी शिकायत की है।

दक्षिणी दिल्ली में चितरंजन पार्क के अमित बसु ने आईएएनएस से कहा, “यहां कई लोगों को मतदाता पर्ची नहीं मिली, जिसके कारण भ्रम की स्थिति है। मुझे और मेरी पत्नी को मतदाता पर्ची नहीं मिली। इसके अलावा पार्टी स्टालों को 200 मीटर दूर स्थानांतरित कर दिया गया है।”

वोटों की गिनती 26 अप्रैल को होगी।

चुनाव के मद्देनजर मतदान केंद्रों पर दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बल के 56,000 से ज्यादा जवान तैनात किए गए हैं। 20,000 अतिरिक्त होमगार्ड की तैनाती भी की गई है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493