नई दिल्ली, 13 मई (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस पर शनिवार को ट्रेंड नर्सेस एसोसिएशन ऑफ इंडिया (टीएनएआई) की ओर से इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. के.के. अग्रवाल और मानद महासचिव डॉ. आर.एन. टंडन को विशिष्ट चिकित्सा सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।
सम्मान पाने के बाद डॉ. अग्रवाल ने कहा, “एक ऐसे संगठन से यह पुरस्कार प्राप्त करना मेरे लिए गर्व की बात है, जो चिकित्सा जगत का एक अभिन्न अंग है। इस मौके पर मैं सभी नर्सो को नर्सेस डे की शुभकामनाएं देता हूं। आप सबके पास बहुत अधिक ज्ञान, अनुभव और कौशल है, जोकि आपके वर्षो की मेहतन व सेवा का नतीजा है।”
उन्होंने कहा, “आज उचित दिन है यह रेखांकित करने का कि नर्से कठिन परिस्थितियों में काम करती हैं, जो कि उनके स्वास्थ्य और मन पर भी भारी असर डालती हैं। आज के दिन और प्रत्येक दिन हमें यह अहसास होना चाहिए कि नर्सिग के काम में बहुत अधिक परिश्रम और तनाव जुड़ा होता है।”
इंटरनेशनल नर्सेस डे, फ्लोरेंस नाइटेंगेल के जन्मदिन पर हर साल 12 मई को मनाया जाता है। इस वर्ष इस दिवस की थीम है- नर्सिग : नेतृत्व देने वाली आवाज, टिकाऊ विकास के लक्ष्य को प्राप्त करती हुई।
अनीता देवधर ने डॉ. अग्रवाल व डॉ. टंडन को नर्सिग के पेशे में तथा पूरे स्वास्थ्य जगत में उल्लेखनीय योगदान के लिए बधाई दी। उन्होंने बताया कि देश में इस वक्त करीब 17 लाख नर्से कार्यरत हैं। डॉक्टरों व नर्सो के बीच मजबूत संबंधों पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि यह संबंध परस्पर विश्वास और सम्मान पर निर्भर करता है।
टीएनएआई एक नर्सो का एक राष्ट्रीय संगठन है। इसकी स्थापना 1908 में हुई थी और पहले इसे एसोसिएशन ऑफ नर्सिग सुपरिंटेंडेंट्स कहा जाता था। भारत सरकार ने 1950 में इस संगठन को मान्यता दी।
dharmpath.com dharmpath