एसीबी ने पीडब्ल्यूडी घोटाले में 6 इंजीनियरों से पूछताछ की

नई दिल्ली, 13 मई (आईएएनएस)। दिल्ली की भ्रष्टाचार रोधी शाखा (एसीबी) ने शनिवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के दिवंगत साढू सुरेंद्र कुमार बंसल से जुड़े 10 करोड़ रुपये के कथित भ्रष्टाचार के मामले में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के छह इंजीनियरों से पूछताछ की।

एसीबी प्रमुख मुकेश कुमार मीणा ने आईएएनएस को बताया, “हमने आज (शनिवार) पीडब्ल्यूडी के छह इंजीनियरों से पूछताछ की है।” हालांकि उन्होंने ज्यादा जानकारी नहीं दी।

एसीबी ने यह कार्रवाई बंसल और वरिष्ठ पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के खिलाफ कथित भ्रष्टाचार के आरोप में 9 मई को दर्ज तीन मामलों में की है। बंसल का गुड़गांव के एक अस्पताल में 7 मई को निधन हो गया, जिन्होंने सड़क बनाने और नहर बनाने का ठेका हासिल किया था।

मामले में दर्ज एफआईआर में हालांकि आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक केजरीवाल का नाम नहीं है। लेकिन गैरसरकारी संगठन ‘रोड एंटी-करप्शन’ के संयोजक और शिकायतकर्ता राहुल शर्मा ने आरोप लगाया है कि बंसल को करीब 10 करोड़ रुपये के नकली बिल का भुगतान प्राप्त करने में मुख्यमंत्री ने मदद की थी।

एनजीओ के महासचिव विलास अवस्थी ने आईएएनएस को बताया, “बंसल को केजरीवाल के प्रभाव के कारण लगभग 10 करोड़ रुपये के लंबित बिल का भुगतान मिला। उन्होंने तीन कंपनियों – रेणु कंस्ट्रक्शन, पवन कंस्ट्रक्शन और कमल कंस्ट्रक्शन के नाम पर पीडब्ल्यूडी से बिल का भुगतान लिया।”

अधिकारियों के मुताबिक, एसीबी ने शर्मा से 11 मई को कई घंटों तक पूछताछ की थी। साथ ही पीडब्ल्यूडी कार्यालय से भी कई दस्तावेज बरामद किए थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493