ज्यूरिख, 19 सितम्बर (आईएएनएस)। यूरो-2016 क्वालीफायर्स मैच के दौरान प्रशंसकों के नस्लीय भेदभाव भरे बर्ताव के कारण यूईएफए ने हंगरी और रोमानिया को दंडित किया है।
यूईएफए के अनुसार, चार सितंबर को बुडापेस्ट में हंगरी और रोमानिया के बीच 0-0 से ड्रॉ रहे मैच के दौरान दोनों पक्षों के प्रशंसकों ने नस्लीय बर्ताव किए।
यूईएफए के अधिकारियों ने यह भी कहा कि हंगरी के प्रशंसकों ने रोमानिया की राष्ट्रधुन में भी बाधा डाली।
दोनों देशों को अपने-अपने अगले मैच दर्शक रहित बंद स्टेडियम में खेलने का आदेश दिया गया है और दोनों ही देशों पर 70,000 यूरो का समान जुर्माना भी लगाया गया है।
रोमानिया के फुटबाल बोर्ड को बुडापेस्ट में ही इससे पहले ग्रीस के साथ हुए मैच के दौरान अपने प्रशंसकों के नस्लीय भेदभाव वाले बर्ताव के कारण 60,000 यूरो की अतिरिक्त राशि का जुर्माना भी देना होगा।
दंड के अनुसार हंगरी आठ अक्टूबर को फरो आईलैंड की मेजबानी दर्शकवीहिन स्टेडियम में करेगा। वहीं रोमानिया भी अगले महीने बुडापेस्ट में फिनलैंड के खिलाफ यूरो क्वालीफायर का अपना आखिरी ग्रुप मैच बंद स्टेडियम में खेलेगी।
dharmpath.com dharmpath