राज्य सरकार ने दुर्दात सोनाधर पर पांच लाख रुपये इनाम घोषित कर रखा था।
मलकानगिरि के पुलिस अधीक्षक मित्रभानु महापात्र ने फोन पर बताया कि मुखबिर से जानकारी मिली थी कि भेजागुड़ा गांव से सटे जंगल में छत्तीसगढ़ के दरभा इलाके के नक्सलियों की बैठक चल रही है। खबर मिलते ही तत्काल पुलिस जवानों की एक टुकड़ी रवाना की गई। तड़के माथली से निकला पुलिस बल छत्तीसगढ़ की सीमा से सटे भेजागुड़ा के जंगलों में सर्चिग करता हुआ आगे बढ़ रहा था। इसी बीच पूर्वाह्न् लगभग 11.30 बजे जवानों के दल का सामना नक्सलियों से हुआ।
पुलिस की मौजूदगी भांपते ही नक्सलियों ने मोर्चा खोल दिया। वे ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगे। जवानों ने भी आत्मरक्षार्थ अंधाधुंध गोलियां चलाईं। गोलीबारी थमने के बाद जवानों ने दरभा डिवीजन के अंतर्गत आने वाले कांगेर वैली एरिया कमेटी के सचिव सोनाधर, लक्ष्मण और एक अन्य सहयोगी का शव बरामद किया है। तीसरे नक्सली की शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है।
बस्तर रेंज के आईजी एस.आर.पी. कल्लूरी ने कहा कि मलकानगिरि में हुई मुठभेड़ बस्तर सहित पूरे राज्य की पुलिस के लिए बड़ी सफलता है। सोनाधर कई बड़ी वारदातों में शामिल रहा है, पुलिस को लंबे अरसे से उसकी तलाश थी।
dharmpath.com dharmpath