मुंबई, 1 जनवरी (आईएएनएस)। दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर शुक्रवार को 65 साल के हो गए हैं। वह जल्द ही अभिनेता-निर्देशक महेश मांजरेकर की मराठी फिल्म ‘नटसम्राट’ में नजर आएंगे।
नाना पाटेकर का कहना है कि वह इस फिल्म के हिंदी रीमेक में काम करना पसंद करेंगे।
नाना ने यहां कहा, “मैं निश्चित रूप से ‘नटसम्राट’ को हिंदी में बनाना चाहूंगा। लेकिन किसी मराठी नाटक का हिंदी में अनुवाद करना कठिन है।”
फिल्म ‘नटसम्राट’, वी.वी. शिरवडकर उर्फ कुसुमाग्रज के इसी नाम वाले चर्चित मराठी नाटक पर आधारित है। इसका प्रीमियर गुरुवार को यहां आयोजित किया गया।
फिल्म के बारे में नाना ने कहा, “मराठी संस्कृति के नाटक का हिंदी बाजार में अभाव है। इसे हिंदी में करना कठिन है, क्योंकि हिन्दी रंगमंच उतना विकसित नहीं है। मैं इसका रीमेक बनाना चाहता हूं, लेकिन मुझे अभी भी नहीं पता कि यह कैसे होगा।”
अभिनेता ने कहा कि वह हमेशा से यह किरदार निभाना चाहते थे, और इसलिए वह मांजरेकर की पेशकश पर तुरंत तैयार हो गए।
फिल्म में नाना के अलावा, मेधा मांजरेकर, विक्रम गोखले, मृणमयी देशपांडे, अजित परब, नेहा पेंडसे और सुनील बर्वे जैसे सितारे हैं।
dharmpath.com dharmpath