पानीपत (हरियाणा), 13 मई (आईएएनएस)। विवादित संत आसाराम बापू के बेटे नारायण साई से संबंधित यौन शोषण मामले के मुख्य गवाह को हरियाणा में बुधवार को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी।
पुलिस ने बताया कि महेंद्र चावला को पानीपत जिले के सनौली गांव में उनके घर के बाहर गोली मारी गई और दो गोलियां उनकी पीठ में लगी हैं।
पुलिस के अनुसार, चावला को पानीपत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर है।
हरियाणा के एक पुलिस अधिकारी ने यहां कहा, “हम हमलावरों को पहचानने की कोशिश कर रहे हैं। विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की जा रही है।”
आसाराम के बेटे नारायण साईं के खिलाफ गुजरात पुलिस ने महिला का यौन शोषण करने का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार भी किया है। इस महिला ने आरोप लगाया था कि साईं ने सूरत स्थित आसाराम के आश्रम में 2002 से 2005 के बीच उसका यौन शोषण किया था।
साईं को गुजरात उच्च न्यायालय ने पिछले महीने तीन सप्ताह की जमानत दे दी थी।
dharmpath.com dharmpath