म्यूनिख, 24 मई (आईएएनएस)। निशानेबाजी विश्व कप में भारतीय निशानेबाजों का खराब प्रदर्शन मंगलवार को भी जारी रहा। भारत के जीतू राय, गुरप्रीत सिंह और प्रकाश नांजप्पा 10 मीटर पिस्टल स्पर्धा में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके। वहीं, महिला निशानेबाजों में अंजुम मुदगिल और लज्जा गोस्वामी राइफल तीन पोजिशन के फाइनल दौर में जगह बनाने से चूक गईं।
क्वालीफाइंग रिले में आठवां स्थान प्राप्त करने वाले जीतू मंगलवार को 579 का स्कोर कर 22वें स्थान पर रहे। वहीं, गुरप्रीत ने 578 का स्कोर कर 32वां स्थान हासिल किया।
एक और भारतीय निशानेबाज ओमकार सिंह 574 का स्कोर कर 52वें स्थान पर रहे।
यूक्रेन के ओलेह ओमेलचुक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। टर्की के इस्मेल केलेस को रजत और वियतनाम के युआन विंह होअंग को कांस्य पदक मिला।
महिलाओं के क्वालीफाइ दौर में अंजुम और लज्जा ने 582 का स्कोर किया और क्रमश: 15वें और 17वें स्थान पर रहीं।
यह मुकाबला काफी करीबी रहा। फाइनल में जगह बनाने वाली चार महिलाओं का स्कोर 583 रहा।
क्रोशिया की स्नेजाना पेजकिक को स्वर्ण पदक हासिल हुआ। इस्टोनिया की अंजेला वोरोनोवा ने रजत पदक पर कब्जा जमाया। इटली की पेट्रा जुब्लासिंग को कांस्य पदक मिला।
बुधवार को महिला 10 मीटर एयर पिस्टल और पुरुष 50 मीटर राइफल तीन पोजिशन फाइनल के मुकाबले खेले जाएंगे।
dharmpath.com dharmpath