नीति आयोग के सदस्य बनें बिबेक देबरॉय

नई दिल्ली, 21 जनवरी (आईएएनएस)। प्रतिष्ठित अर्थशास्त्री बिबेक देबरॉय बुधवार को नवगठित नीति आयोग में सदस्य के रूप में शामिल हुए।

यह जानकारी एक आधिकारिक बयान से सामने आई है।

दिल्ली स्थित सेंटर फॉर पॉलिसी रिसर्च में शोध प्राध्यापक देबरॉय राजीव गांधी समकालीन अध्ययन संस्थान के निदेशक, केंद्रीय वित्त मंत्री के सलाहकार, रेलवे के पुनर्निर्माण से संबंधित उच्चस्तरीय समिति के अध्यक्ष के रूप में काम कर चुके हैं।

नेशनल इंस्टीट्युशन फॉर ट्रांसफोर्मेशन इंडिया (नीति) आयोग का गठन सरकार ने योजना आयोग के स्थान पर थिंक-टैंक और नीतिगत मंच के रूप में किया है।

प्रतिष्ठित अर्थशास्त्री अरविंद पनगढ़िया ने 13 जनवरी को नीति आयोग के पहले उपाध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया। सुधांशु खुल्लर आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बनाए गए हैं।

देबरॉय के अतिरिक्त इसके स्थायी सदस्यों में वी.के.सारस्वत हैं। सारस्वत रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) के महानिदेशक और रक्षा मंत्रालय के मुख्य वैज्ञानिक सलाहकार के तौर पर काम कर चुके हैं।

केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली, रेल मंत्री सुरेश प्रभु और कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह आयोग के पदेन सदस्य होंगे।

केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं सशक्तिकरण मंत्री थावर चंद गहलोत और केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी भी आयोग में विशेष आमंत्रित सदस्य होंगे।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493