नीतीश के शपथ ग्रहण में जा सकते हैं चांडी

तिरुवनंतपुरम, 17 नवंबर (आईएएनएस)। केरल के मुख्यमंत्री ओमन चांडी गुरुवार को होने वाले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित हो सकते हैं।

चांडी के एक नजदीकी सहयोगी ने आईएएनएस को बताया कि नीतीश कुमार ने पहले फैक्स के माध्यम से चांडी को आमंत्रण भेजा। उसके बाद उन्होंने चांडी को फोन भी किया और उन्हें शपथ ग्रहण समारोह में आने का न्योता दिया। इसके बाद कई अन्य स्थानों से भी उनके पास फोन कॉल्स और निमंत्रण आए, जिसके बाद उन्होंने शपथ ग्रहण में जाने का मन बना लिया है।

पहले तय किया गया था कि चांडी शपथ ग्रहण में खुद न जाकर कृषि मंत्री के. पी. मोहनन को केरल सरकार की ओर से उपस्थित होने के लिए कहेंगे।

चांडी के फैसला बदलने का एक कारण यह बताया जा रहा है कि बिहार विधानसभा चुनाव में भारी बहुमत से जीतने वाले महागठबंधन में कांग्रेस भी शामिल है। साथ ही जनता दल (युनाइटेड) भी केरल में उनकी सरकार की सहयोगी है।

चांडी के बुधवार को साप्ताहिक बैठक की अध्यक्षता करने के बाद पटना रवाना होने की संभावना है।

पटना में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के भी शामिल होने की संभावना है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493