नीतीश के ‘7 निश्चय’ थीम पर मन रहा बिहार दिवस

पटना, 22 मार्च (आईएएनएस)। बिहार राज्य की स्थापना दिवस पर पटना समेत पूरे राज्यभर में ‘बिहार दिवस-2016’ का आयोजन किया जा रहा है। दो दिवसीय बिहार दिवस में इस साल ‘सुशासन के सात निश्चय’ को थीम बनाया गया है।

गांधी मैदान में आयोजित मुख्य समारोह का उद्घाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंगलवार शाम चार बजे करेंगे। उद्घाटन समारोह के बाद रंगारंग कार्यक्रम होगा। मुख्य समारोह को लेकर ऐतिहासिक गांधी मैदान सजधज कर तैयार है। गांधी मैदान में अलग-अलग विभागों के पैवेलियन बनाए गए हैं।

बिहार के शिक्षा मंत्री अशोक चौधरी ने मंगलवार को बताया कि राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में भी बिहार दिवस का आयोजन किया जा रहा है। इस साल बिहार दिवस सुशासन के सात निश्चय ‘आर्थिक हल : युवाओं पर बल, आरिक्षत रोजगार महिलाओं का अधिकार, हर घर बिजली लगातार, हर घर नल का जल, घर तक पक्की गली-नालियां, शौचालय निर्माण-घर का सम्मान और अवसर बढ़े-आगे बढ़े’ पर आधारित है।

इन सात निश्चयों के आधार पर विभागों के पैवेलियन में बिहार की लोक कलाओं, जीवन शैली, सांस्तिक पहचान को दिखलाया गया है और होली को देखते हुए विशेष रंग का इस्तेमाल किया गया है। इस मौके पर सभी सरकारी भवनों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है।

इधर, बिहार दिवस के मौके पर पटना में 684 कला जत्था के कलाकारों व पटना के विभिन्न सांस्तिक संस्थाओं के रंगकर्मियों को लेकर मद्य निषेध सांस्कृतिक मार्च’ निकाला गया। ऐतिहासिक गोलघर से शुरू यह पैदल मार्च गांधी मैदान मुख्य समारोह स्थल पर आकर समाप्त हो गया।

गांधी मैदान में विभागों के स्टल समेत करीब 50 स्टल लगाए गए हैं। इस मौके पर मंगलवार और बुधवार को सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है।

बिहार दिवस समारोह को लेकर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मनु महाराज ने बताया कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मैदान के सभी गेटों और मैदान के चारों ओर दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है तथा अतिरिक्त पुलिस बलों को तैनात किया गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493