नीतीश को ‘अंगुलीमाल’ से ‘वाल्मीकि’ बनने की चाहत : रामकृपाल

पटना, 12 मई (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के शराबबंदी को लेकर राज्यों के दौरा करने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने जोरदार सियासी हमला बोला है। केंद्रीय पेयजल एवं स्वच्छता राज्यमंत्री रामकृपाल यादव ने तंज कसते हुए कहा कि नीतीश शराबबंदी के नाम पर ‘अंगुलीमाल’ से ‘वाल्मीकि’ बनने की चाहत में भारत दर्शन कर रहे हैं।

भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री को नसीहत देते हुए कहा कि नीतीश को देश घूमने के बजाय बिहार पर ध्यान देना चाहिए।

नीतीश कुमार द्वारा वाराणसी में कार्यकर्ता सम्मेलन किए जाने पर रामकृपाल ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर सवाल किया, “नीतीश को काशी जाने की इतनी हड़बड़ी क्यों थी? शास्त्रों के अनुसार लोग काशी कब और क्यों जाते हैं? यह जरूर पता होगा। जद (यू) के नेताओं को तो अभी बिहार में पांच साल का शासन पूरा करना है। अभी से राजनीतिक मोक्ष प्राप्त करने की बेचैनी कैसी?”

पाटलिपुत्र के सांसद ने आरोप लगाया, “नीतीश ने जीवन भर धकेलने पर चलने वाली गाड़ी पर बैठकर राजनीतिक यात्रा की। हमेशा वैसाखी के सहारे सत्ता में बने रहे और आज भी वैसे (राष्ट्रीय जनता दल और कांग्रेस के सहारे) ही सत्ता में बने हुए हैं और चले हैं नरेंद्र मोदी को चुनौती देने।”

उन्होंने सवालिया लहजे में पूछा कि अगर शराबबंदी उनका (नीतीश) राजनीतिक एजेंडा था और वह गांधीवादी सिद्धांत के अनुनायी थे तो वर्ष 2005 में सत्ता में आते ही बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू क्यों नहीं की?

रामकृपाल ने कहा कि जिस समय नीतीश ने बिहार की सत्ता संभाली थी, तब शराब से प्राप्त राजस्व को 300 करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 4,000 करोड़ रुपये हो गया। न्यूनतम बिक्री कोटा से अधिक बेचने पर कम एक्साइज ड्यूटी का प्रावधान कर शराब को गांव-गांव बिकवाया, नौजवानों की पूरी नस्ल को बर्बाद किया और अब 70 चूहे खाकर बिल्ली हज को चली है।

इधर, भाजपा के नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने भी नीतीश को नसीहत देते हुए कहा कि नीतीश को देश घूमने के बजाय बिहार पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा, “बिहार में ‘जंगलराज’ कहने पर आपको भले मिर्ची लग रही है, लेकिन बिहार की हालत सही में बदतर होती जा रही है।”

उन्होंने कहा कि बिहार में शराबबंदी एकमात्र मुद्दा नहीं है, अपराध सबसे बड़ा मुद्दा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493