नीमच, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के नीमच जिले के जावद कस्बे में सांप्रदायिक हिंसा के बाद स्थितियां सुधर रही हैं, यही कारण है कि मंगलवार को कर्फ्यू में 9 घंटे की ढील दी गई। वहीं, थाना प्रभारी पीयूष चार्ल्स को लाइन हाजिर (लाइन अटैच) कर दिया गया है।
जावद में हनुमान जयंती के मौके पर शुक्रवार को निकल रहे जुलूस के दौरान विवाद हुआ था, बाद में यह दो समुदायों के बीच सांप्रदायिक हिंसा में बदल गया था, पत्थर चले थे, चाकू, डंडों का भी इस्तेमाल हुआ था और आगजनी में कई दुकानें व वाहन भी फूंक दिए गए थे। उसके बाद प्रशासन को कर्फ्यू लगाना पड़ा था।
सांप्रदायिक हिंसा के बाद लगाया कर्फ्यू मंगलवार को पांचवें दिन भी जारी है। रविवार को दो घंटे और सोमवार को छह घंटे की कर्फ्यू में ढील दी गई थी।
अनुविभागीय अधिकारी, पुलिस (एसडीओपी) इंद्रजीत सिंह ने मंगलवार को आईएएनएस को बताया है कि कर्फ्यू में तीन बार कुल नौ घंटे की कर्फ्यू में ढील दी गई है। उनका कहना है कि हालात सुधर रहे हैं और लोगों ने अपनी जरूरत का सामान खरीदा।
उन्होंने आगे बताया कि जावद के थाना प्रभारी पीयूष चार्ल्स को लाइन हाजिर कर दिया गया है। वहीं रात का कर्फ्यू जारी रहेगा।
dharmpath.com dharmpath