काठमांडू, 7 मई (आईएएनएस)। नेपाल सरकार ने गुरुवार को कहा कि पिछले माह के अंतिम सप्ताह में आए भीषण जलजले में अब तक कुल 7,802 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं इसके उलट नेपाल रेडक्रॉस सोसाइटी का कहना है कि इस आपदा में अभी तक 8,413 लोग मारे जा चुके हैं।
नेपाल के गृह मंत्रालय ने बताया कि 25 अप्रैल को 7.9 तीव्रता से आए इस भूकंप में 15,911 लोग घायल हुए हैं।
गृहमंत्रालय ने एक बयान में कहा कि 7,682 शव को उनके परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं 6,088 घायल अभी भी विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं।
मंत्रालय ने कहा कि 322 अन्य व्यक्ति अभी तक लापता हैं। लापता हुए लोगों में 211 नेपाल के और 111 विदेशी नागरिक हैं।
भूकंप के कारण सबसे अधिक मौत सिंधुपाल जिले में हुई हैं। यहां पर 3,035 लोग मारे गए हैं। इसके बाद काठमांडू में 1,210 लोग भूकंप के कारण मारे गए हैं।
भूकंप के कारण 288,798 घर और 10,700 सरकारी इमारतें ध्वस्त हो गई हैं। वहीं 254,411 घर और 14,997 सरकारी इमारतें आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुई हैं।
इससे पहले दिन में नेपाल रेडक्रॉस सोसाइटी ने गुरुवार को अपनी रिपोर्ट में इस आपदा में मृतकों की संख्या 8,413 और घायलों की संख्या 17,576 बताई।
1934 के बाद नेपाल में यह सबसे भीषण भूकंप था। हिमालय की गोद में बसे इस देश में जलजले के कारण भारी विनाश हुआ है।
dharmpath.com dharmpath