नई दिल्ली, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। देश में कई सारे राजनीतिक दलों के बीच एक नए दल नेशनल फ्रीडम पार्टी का गठन किया गया है। पार्टी का पहला अधिवेशन मंगलवार को कांस्टीट्यूशन क्लब में आयोजित किया गया, जहां पार्टी के नाम की घोषणा की गई।
अधिवेशन को सम्बोधित करते हुए पार्टी अध्यक्ष प्रमोद तिवारी ने कहा कि राजनीतिक संक्रमण के इस काल में जिस नई राजनीतिक दल, नेशनल फ्रीडम पार्टी का आज जन्म हो रहा है, वह हजारों साल से निरन्तर प्रगति पथ पर चल रहे भारत को एक ऐसी पटरी पर दौड़ाएगी, जिसके प्रत्येक स्टेशन पर विकास के नए सोपान देखने को मिलेंगे।
पार्टी महासचिव अंशुमान जोशी ने कहा कि नेशनल फ्रीडम पार्टी चुनावी राजनीति के जरिए जनता की अदालत में जनादेश के लिए जाएगी। पार्टी ने इसकी शुरुआत, पंजाब, गोवा, गुजरात, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड से करने का निर्णय लिया है।
जोशी ने कहा कि पार्टी 2019 के लोकसभा चुनाव में देश की सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
पार्टी के पहले अधिवेशन में देश के विभिन्न हिस्सों से आए कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
dharmpath.com dharmpath