राजकोट, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। जूनियर चैम्पियन मौमिता दत्ता ने यहां वीर सावरकर महानगर पालिका स्टेडियम में चल रहे नेशनल रैंकिंग टेबल टेनिस टूर्नामेंट में गुरुवार को बेंगलुरू की अर्चना गिरीश कामत को 3-2 से हरा दिया।
मौमिता ने अर्चना को 12-14, 7-11, 11-9, 11-6, 4-11 से हराया।
टूर्नामेंट के क्वालिफायर मुकाबलों से कुल 24 प्रतिभागी मुख्य दौर में प्रवेश करने में सफल रहे, जहां वे आठ शीर्ष खिलाड़ियों के साथ शुक्रवार को टूर्नामेंट के मुख्य मुकाबलों का आगाज करेंगे।
मौमिता ने पहला गेम थोड़ा संघर्ष के बाद जीता, लेकिन दूसरे गेम में उन्हें आसान जीत मिली। लेकिन अर्चना ने इसके बाद जबरदस्त वापसी की और अगले दो गेम जीतते हुए स्कोर 2-2 से बराबर कर लिया।
इसके बाद मैच पांचवें निर्णायक गेम में गया। मौमिता ने लेकिन निर्णायक गेम में निर्णायक खेल का परिचय दिया और दबदबे के साथ जीत हासिल करते हुए मैच अपने नाम कर लिया।
दिल्ली की कृतिका मलिक को 3-2 से हराने के बावजूद रेलवे की सागरिका मलिक अगले दौर में प्रवेश नहीं कर सकीं, जबकि कृतिका ने अगले दौर में प्रवेश पा लिया।
सागरिका को तेलंगाना की नैना के हाथों 0-3 से मिली हार का खामियाजा उठाना पड़ा।
पूर्व राष्ट्रीय चैम्पियन के. शामिनी को क्वालिफाईंग मुकाबलों से बाई मिला।
dharmpath.com dharmpath