अगरतला, 21 मई (आईएएनएस)। राष्ट्रपति ने न्यायमूर्ति तिनलियानथांग वैफेई को त्रिपुरा उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया है। यह जानकारी अधिकारियों ने शनिवार को दी।
त्रिपुरा उच्च न्यायालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्रालय ने शुक्रवार को जारी एक अधिसूचना में कहा है कि राष्ट्रपति ने त्रिपुरा उच्च न्यायालय के सबसे वरिष्ठ न्यायाधीश वैफेई को मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया है।
अधिकारी ने कहा कि न्यायमूर्ति वैफेई(60) को प्रदेश के राज्यपाल तथागत रॉय ने 16 मई को उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में शपथ दिलाई थी। उन्होंने दीपक गुप्ता का स्थान लिया, जिनका स्थानांतरण छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में किया गया है।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2013 में त्रिपुरा, मणिपुर और मेघालय में पृथक उच्च न्यायालयों की स्थापना की गई थी। ये तीनों राज्य पहले गुवाहाटी उच्च न्यायालय के अधिकार क्षेत्र में थे। सिक्किम को छोड़ कर सभी सात पूर्वोत्तर राज्यों के लिए गुवाहाटी में समान उच्च न्यायालय था।
dharmpath.com dharmpath