लखनऊ, 9 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री व बहुजन समाज पार्टी (बसपा) अध्यक्ष मायावती ने फिल्म ‘उड़ता पंजाब’ को सही करार देते हुए कहा है कि इस फिल्म में पंजाब की असलियत दिखाई गई है।
साथ ही, उन्होंने मथुरा कांड के लिए सत्तारुढ़ समाजवादी पार्टी (सपा) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सीधे रूप से जिम्मेदार ठहराया है।
बसपा सुप्रीमो मायावती ने गुरुवार को संवाददाताओं से बातचीत में ‘उड़ता पंजाब’ फिल्म का समर्थन करते हुए कहा कि इस फिल्म में असलियत दिखाई गई है। पंजाब में नवयुवक नशे में बर्बाद हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मथुरा के जवाहरबाग कांड में सपा सरकार का हाथ है। मथुरा हिंसा मामले में उन्होंने सीबीआई जांच कराने की मांग की है।
बसपा मुखिया ने गुरुवार को कहा कि मथुरा कांड पर सपा और भाजपा बयानबाजी कर रही हैं। उन्होंने कहा कि मथुरा कांड केंद्र और राज्य सरकार की लापरवाही का नतीजा है। उप्र में सपा और भाजपा में मिलीभगत है। यही वजह है कि मथुरा कांड पर केंद्र सरकार ने एक्शन नहीं लिया।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उप्र की जनता भाजपा से हिसाब मांगेगी। यहां मतदाता ने 80 में से 73 सांसद भाजपा को दिए हैं, लेकिन उसकी केंद्र सरकार ने उप्र को क्या दिया।
dharmpath.com dharmpath