पंजाब के दीनानगर में आतंकवादी हमला, 5 की मौत (लीड-2)

दीनानगर (पंजाब), 27 जुलाई (आईएएनएस)। पंजाब में गुरदासपुर जिले के दीनानगर शहर में सोमवार सुबह हुए आतंकवादी हमले में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक पुलिसकर्मी सहित 10 घायल हो गए।

आतंकवादी सेना की वर्दी में थे। उन्होंने पहले जम्मू जाने वाली बस पर हमला किया और फिर एक पुलिस थाने में घुस गए, जहां से वे निरंतर गोलीबारी कर रहे हैं। सुरक्षा बल बाहर से उनके खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं।

पंजाब में गुरदासपुर जिले का दीनानगर शहर जम्मू एवं कश्मीर की सीमा से सटा है और यह भारत-पाकिस्तान सीमा से भी कुछ ही दूरी पर है। यह हमला पटियाला में रविवार को पंजाब विश्वविद्यालय के एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की मौजूदगी खालिस्तान समर्थक नारेबाजी लगाए जाने के एक दिन बाद हुआ है।

दीनानगर पुलिस थाने में मोर्चे पर डटे पुलिसकर्मियों ने आईएएनएस को बताया कि आतंकवादी उन्नत और स्वचालित हथियारों से लैस हैं। यह भी आशंका जताई जा रही है कि आतंकवादियों के कब्जे में कुछ बंधक भी हो सकते हैं।

पुलिस थाने के अंदर छिपे आतंकवादियों की सुरक्षा बलों एवं सेना के साथ मुठभेड़ जारी है और घटनास्थल से हथगोले एवं गोलियां चलने की आवाजें लगातार सुनी जा सकती हैं।

पुलिस थाने के पास स्थित सरकारी अस्पताल, थाना परिसर में स्थित क्वोर्टर और आसपास के मकानों को सुरक्षा बलों ने घेर लिया है।

गुरदासपुर के पुलिस उपायुक्त अभिनव त्रिखा ने बताया, “मुठभेड़ जारी है। हम मुठभेड़ खत्म होने के बाद ही इस बारे में ज्यादा जानकारी दे पाएंगे।”

बताया जाता है कि आतंकवादी तीन से चार की संख्या में हैं और सीमा पार पाकिस्तान की ओर से आए हैं। आतंकवादियों ने इलाके के पास ही राजमार्ग पर एक ढाबे के मालिक की हत्या कर उनकी मारुति 800 कार का अपहरण कर लिया और उसमें सवार होकर दीनानगर पहुंचे।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आतंकवादियों ने पहले दीनानगर बस स्टैंड पर जम्मू की ओर जा रही बस पर अंधाधुंध गोलीबारी की और उसके बाद यहां से कुछ ही दूर स्थित पुलिस थाने पर धावा बोला।

हमले में घायल पंजाब पुलिस के एक कर्मी ने अस्पताल ले जाते समय मीडिया को बताया, “हम पर अचानक हमला हुआ। मुझे कंधे पर गोली लगी। वे हर पांच मिनट में अंधाधुंध गोलियां बरसा रहे हैं।”

पंजाब की राजधानी चंडीगढ़ से 235 किलोमीटर दूर स्थित दीनानगर की जम्मू एवं कश्मीर से दूरी 25 किलोमीटर और भारत-पाकिस्तान सीमा से दूरी मात्र 15 किलोमीटर है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, आतंकवादियों ने सोमवार सुबह 5.30 बजे दीनानगर बस स्टैंड पर हमला किया। सूत्रों के मुताबिक, यह आतंकवादियों का आत्मघाती हमला हो सकता है।

उधर, अमृतसर-पठानकोट रेल खंड पर सोमवार को पांच जिंदा बम मिले, जिन्हें सुरक्षा बलों ने सावधानीपूर्वक निष्क्रिय कर दिया। इससे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।

दीनानगर से पांच किलोमीटर दूर परमानंद रेलवे स्टेशन के नजदीक एक छोटे पुल की रेल पटरियों पर जिंदा बम मिले। इन्हें बड़ी चालाकी के साथ रेल पटरियों से जोड़ा गया था।

रेल पटरियों पर बम होने की सूचना मिलने के बाद इससे गुजरने वाली रेलगाड़ी को उस स्थान से 200 मीटर दूर ही रोक दिया गया।

पंजाब के कैबिनेट मंत्री दलजीत सिंह चीमा ने कहा, “घटना से संबंधित सूचना का इंतजार है, क्योंकि सभी पुलिस अधिकारी इस समय घटनास्थल पर मौजूद हैं। इस तरह की घटनाओं से सख्ती से निपटा जाएगा और पंजाब में शांति को किसी तरह भंग नहीं होने दिया जाएगा।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493