पंजाब में अकाली, आप नेता कांग्रेस में शामिल (लीड-1)

चंडीगढ़, 26 दिसम्बर (आईएएनएस)। पंजाब में कांग्रेस के मुखर नेता सुखपाल खैरा के आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल होने के एक दिन बाद राज्य के विपक्षी दल कांग्रेस ने दावा किया है कि सत्तारूढ़ अकाली दल के साथ ही आप के कुछ नेता भी कांग्रेस में शामिल हुए हैं।

पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह ने संवाददाताओं से कहा कि अकाली दल के 31 नेता व कार्यकर्ता, जबकि आप के 21 नेता व कार्यकर्ता कांग्रेस में शामिल हुए हैं। पार्टी छोड़ने वाले अकाली नेता संगरूर व मोगा जिले से हैं।

कांग्रेस में शामिल हुए लोगों में एसजीपीसी (शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी) के पूर्व सदस्य इंदर मोहन सिंह भी हैं।

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि कांग्रेस की पंजाब इकाई फरवरी-मार्च 2017 में होने वाले विधानसभा चुनाव से काफी पहले उम्मीदवार घोषित करने का दबाव डालेगी।

उन्होंने कहा कि राज्य इकाई का फिर से पुनर्गठन होगा और घोषणा जल्द होगी।

अमरिंदर ने चंडीगढ़ में संवाददाताओं से कहा, “राज्य इकाई फरवरी-मार्च 2017 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए काफी पहले उम्मीदवार घोषित करने का दबाव डालेगी। पीसीसी (प्रदेश कांग्रेस कमेटी) का पुनर्गठन किया जा रहा है और जल्द ही इसकी घोषणा कर दी जाएगी।”

पूर्व केंद्रीय मंत्री मनीष तिवारी, जगमीत सिंह बरार, लाल सिंह व सुनील जाखड़ जैसे पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से घिरे अमरिंदर सिंह ने कहा कि अकाली दल-भाजपा सरकार पंजाब में राज्य की सत्ता से बाहर होने की ओर अग्रसर है।

उन्होंने कहा कि पंजाब में आप की लोकप्रियता केवल हवा है।

अमरिंदर ने कहा, “पंजाब में आप की दाल नहीं गलेगी। दिल्ली के लोग निराशा महसूस कर रहे हैं और उनका आप सरकार से मोहभंग हो गया है। लोगों से किए गए एक भी वादे को वह पूरा नहीं कर पाई है।”

उन्होंने आप नेताओं के उस आरोप को खारिज किया, जिसके मुताबिक कांग्रेस नेतृत्व का सत्तारूढ़ अकाली दल के साथ कोई समझौता हुआ है।

अमरिंदर ने इस महीने की शुरुआत में कांग्रेस की ओर से बठिंडा में आयोजित एक बड़ी रैली को संबोधित करने के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व सांसद जगमीत बरार को नहीं आमंत्रित करने के लिए माफी भी मांगी।

अमरिंदर ने कहा, “मैं इसके लिए माफी मांगता हूं।” इस दौरान बरार उनके बगल में बैठे रहे।

अमरिंदर ने कहा कि खैरा के कांग्रेस छोड़ने से पंजाब में पार्टी पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493