मोदी के पाकिस्तान दौरे को वीआईपी कूटनीति से आगे ले जाएं : येचुरी (लीड-1)

कोलकाता, 26 दिसम्बर (आईएएनएस)। मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव सीताराम येचुरी ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने परंपरा से अलग हटकर जिस तरह पाकिस्तान की चौंकाने वाली यात्रा की है, उसे वीआईपी कूटनीति से आगे ले जाने की जरूरत है।

येचुरी ने कहा, “मोदी की अचानक की गई पाकिस्तान यात्रा स्वागत योग्य कदम है और इस तरह की वार्ता निरंतर होनी चाहिए। प्रधानमंत्री के पाकिस्तान दौरे को आगे ले जाने की जरूरत है। इसे वीआईपी कूटनीति तक सीमित न रख कर लोगों से लोगों के बीच संपर्क को बढ़ाने की जरूरत है।”

उल्लेखनीय है कि मोदी शुक्रवार को काबुल से नई दिल्ली लौटने के दौरान दोपहर में अचानक लाहौर उतरे, जहां उन्होंने पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ से मुलाकात की।

येचुरी ने कहा, “ऐसा कई मौकों पर हुआ है, जब पाकिस्तानी क्रिकेट टीम को भारत में खेलने की मंजूरी नहीं दी गई या गुलाम अली जैसे कलाकार को कार्यक्रम प्रस्तुत करने की इजाजत नहीं दी गई। इस वीआईपी स्तर की कूटनीति को यहीं खत्म नहीं करना चाहिए और लोगों से लोगों के बीच संपर्क को बढ़ाना चाहिए।”

इस तथ्य पर बल देते हुए कि निरंतर बातचीत की दोनों पक्षों की जिम्मेदारी बनती है, उन्होंने कहा कि प्रारंभ में भारत केवल आतंकवाद के मुद्दे पर चर्चा करना चाहता था, लेकिन अब यह जम्मू एवं कश्मीर सहित सभी मुद्दों पर चर्चा के लिए सहमत हो गया है।

माकपा की रविवार से शुरू हो रही पांच दिवसीय बैठक से पूर्व येचुरी ने संवाददाताओं से कहा, “इसलिए पाकिस्तान द्वारा अपने हठ को त्यागना अच्छी बात है। लेकिन वार्ता निरंतर होनी चाहिए।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493