चंडीगढ़, 24 सितंबर (आईएएनएस)। पंजाब में गुरुवार को धरने पर बैठे किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। राज्य की पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मृतक किसान की पहचान कुलदीप सिंह के रूप में हुई है, जिसकी उम्र 25 के आसपास है। वह अन्य किसानों के साथ राज्य सरकार के विरुद्ध बठिंडा शहर में धरना दे रहा था।
एक पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “हम मामले की जांच कर रहे हैं। हमें संदेह है कि किसान ने पिछली रात (बुधवार) कोई जहरीली चीज खाई थी।”
वहीं, इस मामले को लेकर यहां विधानसभा में विपक्षी दल कांग्रेस ने पंजाब सरकार से एक जवाब मांगा।
पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
धरने पर बैठे किसान राज्य में फसल विशेषकर कपास की फसल को हुए नुकसान के लिए मुआवजे की मांग कर रहे हैं।
राज्य में इस सीजन में कपास की 30 फीसदी से अधिक फसल सफेद कीट लगने से प्रभावित हुई है।
पंजाब सरकार और इसके कृषि विभाग की प्रभावित किसानों की मदद के लिए पर्याप्त कदम न उठाने के लिए जबर्दस्त आलोचना हो रही है।
विपक्षी नेताओं ने पंजाब के कृषि विभाग पर दोयम दर्जे के कीटनाशक खरीदने और उनका वितरण करने का आरोप लगाया है।
dharmpath.com dharmpath