पटना के बिहटा में बनेगा टेक्सटाइल पार्क : सुशील मोदी

पटना, 4 जनवरी (आईएएनएस)। बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने गुरुवार को पटना के बिहटा में टेक्सटाइल पार्क बनाने की घोषणा करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने एपरल और टेक्सटाइल पार्क के लिए बिहटा में 115 एकड़ जमीन अधिसूचित की है।

पटना के ज्ञानभवन में बिहार गारमेंट एसोसिएशन द्वारा आयोजित तीन दिवसीय रेडीमेड गारमेंट मेला के उद्घाटन मौके पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की नई औद्योगिक प्रोत्साहन नीति के तहत राज्य सरकार ने वस्त्र निर्माण, टेक्सटाइल, चमड़ा, आईटी और खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में निवेश को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।

उन्होंने कहा कि बिहार में निवेशकों को जमीन के निबंधन और रूपांतरण (कन्वर्जन) में जहां 100 प्रतिशत की छूट दी जाएगी, वहीं बैंक ऋण के ब्याज पर सरकार 10 प्रतिशत अनुदान देगी। उन्होंने कहा कि इसके अलावा सरकार एसजीएसटी की 100 प्रतिशत पुनर्भुगतान, ईपीएफ और ईएसआई की 50 प्रतिशत राशि तथा बिहार के लोगों को रोजगार देने पर प्रशिक्षण के लिए प्रति कर्मचारी 20 हजार रुपये का अनुदान देगी।

मोदी ने जीएसटी के अंतर्गत कम्पोजीशन स्कीम में शामिल उत्पादकों को अब एक करोड़ तक के टर्नओवर पर दो प्रतिशत की जगह मात्र एक प्रतिशत ही कर देने की बात दोहराई।

रेडीमेड वस्त्र निर्माताओं से बिहार में निवेश करने की अपील करते हुए कहा उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में रोजगार की काफी संभावनाएं हैं। मुंबई, बेंगलुरू और त्रिपुरा सहित देश की अन्य जगहों पर रेडीमेड वस्त्र उद्योग में काम करने वाले 90 प्रतिशत मजदूर बिहार के ही होते हैं।

उन्होंने संभावना जताई कि पटना भी रेडीमेड गारमेंट के हब के रूप में विकसित हो सकता है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493