पटना में गंगा तट पर डॉल्फिन मरी हुई मिली

पटना, 12 दिसंबर (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी के गंगा तट पर शनिवार को वन विभाग ने एक डॉल्फिन मछली का शव बरामद किया। मृत डॉल्फिन की लंबाई करीब चार फुट और वजन 40 किलोग्राम बताया जा रहा है। डॉल्फिन की मौत के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।

वन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना के बाद विभाग द्वारा शनिवार को पटना के गंगा नदी के एनआईटी घाट के पास से एक डॉल्फिन का शव बरामद किया गया है। मृत डॉल्फिन का वजन करीब 40 किलोग्राम है।

प्रथम दृष्ट्या डॉल्फिन की मौत को स्वाभाविक मौत नहीं माना जा रहा है, इसलिए वन विभाग ने डॉल्फिन के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एक अधिकारी के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता लग सकेगा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि आठ बजे सुबह कुछ लोगों ने एक डॉल्फिन को जाल में फंसा देखा था। इसके बाद लोगों ने उसे निकाला तो वह मरी हुई थी। जानकारों के मुताबिक, डॉल्फिन की मौत जाल में फंसने से ही हुई है।

उल्लेखनीय है कि दुनिया के दुर्लभ प्राणियों में से एक और मछलियों की विलुप्तप्राय प्रजाति डॉल्फिन के संरक्षण के लिए बिहार सरकार ने वर्ष 1991 में सुल्तानगंज से लेकर कहलगांव तक के करीब 60 किलोमीटर क्षेत्र को ‘गैंगेटिक रिवर डॉल्फिन संरक्षित क्षेत्र’ घोषित किया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493